Gurugram Rain Affect: भारी बारिश के बाद कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह

0
128
Gurugram Rain Affect

Gurugram Rain Affect, (आज समाज), गुरुग्राम: देश के अधिकतर राज्यों में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से आम जनजीवन बाधित होने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में भी दो दिन से तेज बारिश हो रही है। मंगलवार को पहली बार गुरुग्राम में भारी बारिश हुई और और इसके कारण कई जगह जलभराव हो गया। कई इलाके कुछ समय के लिए पानी में डूब गए। कुछ जगह कारें पानी में डूब गईं और सड़क धंसने से ट्रैफिक बाधित हो गया। हमेशा की तरह शहर की स्थिति कुछ समय के लिए बदतर हो गई। स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने हालात को देखते हुए कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम (डब्ल्यूएफएच) की सलाह दी है। Gurugram Rain Affect

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हुई भारी बारिश 

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार कम दबाव वाले सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance वेस्टर्न डिस्टर्बेंस)  के कारण दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश हुई है। दिल्ली में भी कई जगह जलभराव की सूचनाएं हैं। देर रात तक दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर भारी जाम लगा रहा। गुरुग्राम पुलिस ने रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जारी एडवाइज़री में कॉर्पोरेट सेक्टर और प्राइवेट संस्थानों से कहा कि वे अपने कर्मचारियों को अगले कुछ दिनों तक घर से काम करने की इजाज़त दें ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और सड़कों से अनावश्यक ट्रैफिक का दबाव घट सके।

दिल्ली में कारों पर पेड़ गिरने की घटनाएं

दिल्ली में कारों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। आईएमडी  के अनुसार, मंगलवार दोपहर को ‘येलो अलर्ट’ से ‘रेड अलर्ट’ में अचानक बदलाव के बाद बारिश हुई, जिससे सामान्य से ज़्यादा तापमान और गर्मी से लंबे समय से प्रतीक्षित राहत मिली। हालांकि दिल्ली के सफदरजंग स्थित मुख्य मौसम केंद्र में केवल 11.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसे हल्की बारिश माना जाता है, लेकिन शहर के कई अन्य केंद्रों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई।  मंगलवार शाम 5.30 बजे तक, नजफगढ़ में 76 मिमी, रिज में 50.1 मिमी और पूसा व छतरपुर में 41.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, पड़ोसी गुरुग्राम में 69 मिमी बारिश हुई।

कम दबाव वाले क्षेत्र का उत्तर की ओर बढ़ना बारिश का कारण 

विशेषज्ञों ने बढ़ी हुई बारिश का कारण देश के मध्य हिस्सों में कम दबाव वाले क्षेत्र का उत्तर की ओर बढ़ना बताया है। मौसम अधिकारियों ने कहा, इस वजह से मॉनसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसक रहा है। एक पश्चिमी विक्षोभ भी मॉनसून को उत्तर की ओर खींच रहा है। मॉनसून एक्सिस के उत्तर की ओर बढ़ने से आने वाले कुछ दिनों में बारिश बढ़ेगी। हालांकि, इस हफ़्ते के बाद बारिश कम हो जाएगी।

ये भी पढ़ें: Maharashtra Rain Havoc: मुंबई में लगातार गिर रहे पेड़, 24 घंटों में 523 घटनाएं