आज से गति पकड़ेगा मानसून, फसलों के लिए अच्छी है बारिश
Punjab Weather (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में आज से मौसम बदल गया है। सुबह तेज धूप के बाद अचानक 11 बजे बादलों ने आसमान में डेरा डाल लिया। इसके साथ ही जालंधर सहित कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने पंजाब के मौसम को लेकर जो अलर्ट जारी किया है उसके अनुसार आज से लेकर 12 जुलाई तक अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान लगभग पूरे प्रदेश में मध्यम से लेकर भारी बारिश होगी। इस समय मानसून बठिंडा के पास से होकर गुजर रहा है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
जालंधर में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई है। सुबह करीब 10 बजे यहां बादल छाए थे। मौसम विभाग ने आज पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हिमाचल में भारी बारिश बढ़ा सकती है पंजाब की मुश्किल
पंजाब की कई बड़ी नदियां और बांध हिमाचल से आने वाले पानी को अपने अंदर समाते हैं। ऐसे में यदि हिमाचल में कुछ दिन भारी बारिश का दौर चलता है तो इसका प्रतिकूल असर पंजाब पर पड़ सकता है। भारी बारिश के चलते हिमाचल से निकलने वाली नदियों का पानी पंजाब के बांधों में आएगा जिससे यह ओवरफ्लो होंगे और इनसे छोड़ा गया पानी पंजाब में बाढ़ के हालात पैदा करेगा।
वर्तमान की बात करें तो बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड) के मुताबिक सोमवार को भाखड़ा बांध का जलस्तर 1565.46 फीट दर्ज किया गया। इस दौरान बांध में 37,388 क्यूसेक पानी की आवक हुई, जबकि 23,738 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं, पोंग बांध का जलस्तर 1318.57 फीट रहा। पोंग में 16,860 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई, जबकि 15,503 क्यूसेक पानी की निकासी की गई।
प्रदेश में चरम पर बनी हुई बिजली की मांग
भले ही मानसून आ गया है, लेकिन उमस की वजह से गर्मी बनी हुई है। सोमवार को बिजली की मांग 15,112 मेगावाट दर्ज की गई। इस दौरान केंद्रीय पूल से 10,148 मेगावाट बिजली ली गई, जबकि निर्धारित शेड्यूल 10,571 मेगावाट का था। 4,967 मेगावाट बिजली राज्य ने खुद पैदा की।
ये भी पढ़ें : Haryana Weather : हरियाणा में आज से मानसून पकड़ेगा रफ्तार


