60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में इन दिनों दो तरह के मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। एक तो मानसून की दस्तक प्रदेश में हो चुकी है वही पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता भी प्रदेश में बारिश और आंधी की संभावनाओं को बढ़ा रही है। यही कारण है की भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने पंजाब में मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए यहां पर आज से लेकर सात जुलाई तक भारी बारिश और तेज हवाओं के चलने का अलर्ट जारी किया है।
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार पठानकोट, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर, रूप नगर में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी है।
बीते दिन इस तरह रहा मौसम
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार मोहाली में 5.5 मिलीमीटर, रोपड़ में 1.5 मिलीमीटर, चंडीगढ़ में 2.6 मिलीमीटर व एसबीएस नगर में 0.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं पठानकोट व होशियारपुर में बूंदाबांदी हुई। मौसम में आए बदलाव के चलते पंजाब में लू नहीं चल रही और दिन का तापमान भी सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है।
खरीफ की फसलों के लिए जरूरी है अच्छी बारिश
उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में पंजाब की आर्थिकी भी कृषि पर टिकी हुई है। इन दिनों खरीफ की फसलों की बुआई और रोपाई का काम जारी है। मानसून इस बार पंजाब में अपेक्षा के मुताबिक देरी से पहुंचा है और अभी तक अच्छी बारिश प्रदेश में एक साथ नहीं हुई है। यही कारण है कि खरीफ की फसलों की बुआई और रोपाई पिछड़ रही है। यदि आने वाले दिनों में प्रदेश में अच्छी बारिश होती है तो यह न केवल खरीफ की फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी बल्कि इससे उत्पादन भी अच्छा रहने की उम्मीद है।


