अस्पताल में भर्ती घायल सास, शरीर पर आई गंभीर चोटें
Punjab Crime News (आज समाज), पटियाला : पंजाब के पटियाला का एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसे देखकर हर कोई दंग है। यह वीडियो न केवल एक वृद्ध महिला की बेबसी को बयां कर रहा है बल्कि हमारे समाज में परिवार के बुजुर्गों पर हो रहे अत्याचार की कहानी को भी साफ दिखा रहा है।
जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें एक महिला बिस्तर पर लेटी बुजुर्ग महिला को बिना किसी कारण बुरी तरह से पीटना शुरू कर देती है। पटियाला की बताई जा रही इस खबर में एक बहू ने अपनी सास की बेरहमी से पिटाई कर दी। उसने बेड पर लेटी सास को दोनों हाथ पकड़कर उठाया और गर्दन से पकड़कर सीड़ियों की ग्रिल पर दे मारा। इसके बाद सास को मुक्के भी मारे।
राजिंदरा अस्पताल में चल रहा बुजुर्ग महिला का उपचार
बुजुर्ग सास को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसके गर्दन, पीठ, कूल्हों, पेट और टांगों पर चोटें लगी हैं। पीड़िता की पहचान रितु मित्तल के रूप में हुई है। वह सूलर कॉलोनी में रहने वाले सुधीर मित्तल की पत्नी हैं।
बहू पर किसी भी कार्रवाई से किया इंकार, कहा, हमारा घरेलू मामला
उन्होंने पुलिस को इस मामले की शिकायत जरूर दी है, लेकिन उन्होंने अपनी बहू बबीता मित्तल पर फिलहाल कोई कार्रवाई करवाने से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह उनके परिवार का मामला है। बातचीत से बात नहीं बनी तो बाद में पुलिस कार्रवाई के लिए देखेंगे।
बुजुर्ग के बड़े बेटे ने दी पुलिस को शिकायत
पीड़िता के बड़े बेटे राहुल मित्तल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि पटियाला की सूलर कॉलोनी में उनका परिवार रहता है। वह किराने की दुकान चलाते हैं। बीते बुधवार (19 अगस्त) को घर में उनकी मां रितु मित्तल, आरोपी छोटे भाई की पत्नी बबीता मित्तल और उसके 2 बच्चे थे। बाकी सभी लोग काम से बाहर गए थे। इसी दौरान बबीता ने मां रितु के साथ मारपीट की।
राहुल ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनकी मां रितु बबीता की बेटी को दवाई देने की कोशिश कर रही थीं। बबीता की बेटी बीमार थी और वह उस पर ध्यान नहीं दे रही थी। जब मां रितु ने दवाई देनी चाही को बबीता ने मां को रोका। इसके बाद वह गुस्से में आ गई और मां के साथ मारपीट की।


