प्रदेशभर में पंजाब पुलिस का विशेष अभियान जारी, पकड़े गए आरोपियों से नशीले पदार्थों की खेप भी बरामद
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब से नशे को पूरी तरह से खत्म करने के लिए पंजाब पुलिस का विशेष अभियान युद्ध नशे विरुद्ध एक मार्च 2025 से लगातार जारी है। इस अभियान के तहत प्रदेश पुलिस हर रोज टीमें बनाकर पूरे प्रदेश में छापेमारी अभियान चला रही है। जिसके तहत बड़ी संख्या में नशा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं।
इसी कड़ी में पुलिस ने यह विशेष अभियान 476वें दिन भी जारी रखते हुए आज 103 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 848 ग्राम हेरोइन, 12 किलोग्राम भुक्की, 1,308 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 6,756 रुपये की ड्रग मनी बरामद की।इसके साथ ही केवल 476 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 69,201 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 13 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार लेने के लिए भी प्रेरित किया।
गैंगस्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी
गैंगस्टरां ते वार अभियान को पांच महीने पूरे हो गए हैं और पंजाब पुलिस ने इस अभियान की शुरूआत से अब तक पूरे राज्य में 93,927 छापेमारियां कर गैंगस्टरों तथा उनसे जुड़े अपराधियों सहित कुल 38,738 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।उल्लेखनीय है कि गैंगस्टरां ते वार पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक अभियान है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी।
एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था प्रवीण सिन्हा ने बताया कि पुलिस टीमों ने अब तक गिरफ्तार व्यक्तियों के कब्जे से 1,976 जिंदा कारतूसों और 209 मैगजीनों सहित 716 हथियार, 187 धारदार हथियार तथा 12 हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं।
अब तक 15,825 अपराधी किए गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त अब तक 15,825 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है, जबकि 18,042 व्यक्तियों को सत्यापन और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि अभियान शुरू होने से अब तक पुलिस टीमों ने 1,244 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है।अभियान के 151वें दिन पुलिस टीमों ने 575 छापेमारियां कीं, जिसके दौरान 348 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 125 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई तथा पांच भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया।
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : शिक्षा से करोड़ों माता-पिता के सपने जुड़े : मान


