Second Anti-Drug Yatra in Punjab: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को पंजाब के फतेहगढ़ साहिब पहुंचीं। उन्होंने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब में माथा टेका। इसके बाद वह बीजेपी की ओर से आयोजित ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के दूसरे चरण में शामिल हुईं और यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद रेखा गुप्ता ने कहा कि उन्होंने गुरु साहिब से पंजाब की जनता को शक्ति देने की प्रार्थना की है, ताकि राज्य में नशे की समस्या के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ी जा सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा है।
फतेहगढ़ साहिब से शुरू हुई दूसरी यात्रा
बीजेपी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ 18 सितंबर से शुरू हुई है। पार्टी ने राज्य में चार अलग-अलग यात्राओं का कार्यक्रम बनाया है। पहली यात्रा 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर स्थित एकता स्थल से शुरू हुई थी, जिसे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रवाना किया। दूसरी यात्रा 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से शुरू हुई, जिसे दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाई। फतेहगढ़ साहिब से शुरू होने वाली दूसरी यात्रा जालंधर पहुंचने से पहले समराला, पायल, खन्ना, अमलोह, फतेहगढ़ साहिब, बस्सी पठाना, डेरा बस्सी, एसएएस नगर, खरड़, चमकौर साहिब, रोपड़, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, चब्बेवाल, होशियारपुर, शाम चौरासी, दसूहा, मुकेरियां, उर्मुर, आदमपुर, बलाचौर, नवांशहर, बंगा और फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
#WATCH फतेहगढ़ साहिब, पंजाब। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “आज श्री फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारे में दर्शन करने के लिए आई हूं… मैंने गुरुद्वारे में शीश नवाकर गुरु साहब से यही शक्ति मांगी है कि पंजाब की जनता को वो शक्ति दें कि पंजाब पर लगातार जो अत्याचार हो रहे हैं,… pic.twitter.com/ywfKbU5Eeo
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 19, 2026
4 यात्राएं, करीब 4,000 किमी का रूट
बीजेपी की यह 13 दिवसीय मुहिम पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचने के उद्देश्य से करीब 4000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। चारों यात्राओं का समापन 30 सितंबर को जालंधर में प्रस्तावित है। पहली यात्रा पठानकोट से शुरू होकर गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, कपूरथला और जालंधर क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ रही है। इसके रूट में सुजानपुर, पठानकोट, भोआ, दीनानगर, गुरदासपुर, कादियां, बटाला, डेरा बाबा नानक, अजनाला, अटारी, अमृतसर के विधानसभा क्षेत्र, तरनतारन, खेमकरण, पट्टी, फिरोजपुर, जीरा, सुल्तानपुर लोधी, भुल्लथ, नकोदर, शाहकोट और जालंधर कैंट शामिल हैं।
दूसरी यात्रा फतेहगढ़ साहिब से शुरू होकर पंजाब के मालवा और दोआबा क्षेत्र के कई विधानसभा क्षेत्रों से गुजरने वाली है। इसके बाद तीसरी यात्रा 20 सितंबर को फाजिल्का के सादिकी बॉर्डर के पास आसफवाला 1971 युद्ध स्मारक से शुरू होगी। इसे केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा रवाना किए जाने की योजना है। तीसरी यात्रा फाजिल्का, अबोहर, जलालाबाद, श्री मुक्तसर साहिब, मलोट, गिद्दड़बाहा, जैतो, फरीदकोट, मोगा, जगरांव, रायकोट, मलेरकोटला और लुधियाना समेत कई क्षेत्रों से होकर जालंधर पहुंचेगी। चौथी यात्रा 21 सितंबर को तलवंडी साबो स्थित गुरुद्वारा श्री दमदमा साहिब से शुरू होने वाली है। इसे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा रवाना किए जाने की योजना है।
30 सितंबर को जालंधर में होगा समापन
बीजेपी की योजना के मुताबिक चारों यात्राएं 30 सितंबर को जालंधर में एकत्र होंगी। इसके बाद पार्टी की ओर से समापन जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संबोधित करने की योजना है। बीजेपी इस अभियान को राज्य में नशे के खिलाफ जनजागरुकता और जनभागीदारी से जोड़कर पेश कर रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इसका उद्देश्य नशे के खिलाफ व्यापक सामाजिक अभियान खड़ा करना है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने इस अभियान को राजनीतिक कार्यक्रम बताते हुए भाजपा पर सवाल उठाए हैं।


