कैबिनेट मंत्री ने शहर में चल रहे सफाई अभियान की अगुवाई की, कहा, पवित्र शहर को साफ रखना हमारी जिम्मेदारी
Amritsar Breaking News (आज समाज), अमृतसर : पंजाब को पूरी तरह से साफ-सुथरा और स्वच्छ रखने के लिए इन दिनों विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पंजाब के बड़े और प्रमुख शहरों की सफाई की जा रही है। सरकार द्वारा आम लोगों को इस अभियान के साथ जोड़ने के लिए विशेष रूप से अपील की जा रही है। सरकार ने इस अभियान को मिशन क्लीन पंजाब का नाम दिया हुआ है।
इस अभियान को जमीनी स्तर पर ले जाते हुए स्थानीय सरकार मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आधी रात (1 बजे) अमृतसर के अंदरूनी शहर (वाल्ड सिटी) की गलियों में जाकर नई शुरू की गई रात्रिकालीन सफाई मुहिम का जायजा लिया। इस अवसर पर बैंस ने कहा कि अमृतसर सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि आध्यात्मिकता का केंद्र है। उन्होंने बताया कि अब पहली बार सफाई कार्य दिन के समय तक सीमित नहीं रहेगा। रोजाना रात 10 बजे से सुबह 2 बजे तक विशेष सफाई शिफ्ट चलाई जा रही है, ताकि श्री हरिमंदिर साहिब में अमृत बेला के दर्शनों के लिए आने वाली संगत को साफ-सुथरी सड़कें मिल सकें।
पवित्र शहर की सफाई सुनिश्चित करने पर फोकस
सफाई अभियान का जायजा लेने के उपरांत स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि यह एक रात का कार्यक्रम नहीं है। वह किसी भी रात औचक निरीक्षण करेंगे ताकि पवित्र शहर की सफाई सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय निकाय मंत्री ने वाल्ड सिटी में कई घंटे बिताए और श्री दरबार साहिब के आसपास के क्षेत्रों का पैदल दौरा किया। उन्होंने द्वितीयक कूड़ा संग्रहण स्थलों की सफाई का जायजा लिया, तंग गलियों में घर-घर कूड़ा एकत्र करने की प्रक्रिया की निगरानी की और बताया कि पहले चिन्हित किए गए खुले कूड़ा फेंकने वाले स्थानों को समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने रात की ड्यूटी कर रहे सफाई कर्मचारियों से भी बातचीत कर उन्हें आने वाली कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली।
हेरिटेज स्ट्रीट को दोबारा चमकाया जाएगा
बैंस ने कहा कि हेरिटेज स्ट्रीट फिर से अपनी चमक हासिल करेगी और वाल्ड सिटी के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रोजाना सफाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब कूड़े के ढेर समाप्त हो जाएंगे तो आवारा पशु भी सड़कों से दूर हो जाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि मैं इस पवित्र शहर की सड़कों पर एक भी रैपर, लिफाफा या प्लास्टिक की बोतल नहीं देखना चाहता। बैंच ने कहा कि नगर निगम की टीमें रात 10 से दो बजे तक सफाई करती हैं, लेकिन जब लोग अपनी बालकनियों और छतों से कूड़ा फेंकते हैं तो उनकी मेहनत व्यर्थ हो जाती है।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : हमारा उद्देश्य पंजाब की निर्यात क्षमता बढ़ाना : अमन अरोड़ा


