Punjab Breaking News : पंथ को ढाल बना रहा अकाली दल : मान

0
244
Punjab Breaking News : पंथ को ढाल बना रहा अकाली दल : मान
Punjab Breaking News : पंथ को ढाल बना रहा अकाली दल : मान

कहा, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 328 लापता हुए स्वरूपों के मामले में कोई कार्रवाई न होने से पूरी संगत नाराज

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से शिरोमणी अकाली दल और शिरोमणि कमेटी पर निशाना साधते हुए कहा है कि ये लोग पंथ को अपनी ढाल बनाकर राजनीति में दोबारा सफल होने का प्रयास कर रहे हैं। मान ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 328 लापता हुए स्वरूपों के मामले में कोई कार्रवाई न होने से पूरी संगत नाराज है।

शिरोमणि कमेटी इस पाप में शामिल अपने आकाओं के करीबी धनाढ्यों को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से पंजाबी और सिख समुदाय गहरे सदमे में है क्योंकि श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 328 स्वरूपों के लापता होने के मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

पंथक जत्थेबंदियां लंबे समय से कर रहीं मांग

मान ने कहा कि पंथक संगठनों और संत समाज ने लंबे समय से इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है और इस उद्देश्य से राज्य सरकार तक भी पहुंच की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि अपनी नैतिक जिम्मेदारी के तहत राज्य सरकार ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज की है और मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एफआईआर दर्ज होते ही अपने आकाओं के निर्देश पर शिरोमणि कमेटी ने प्रेस के माध्यम से जानकारी देना शुरू कर दी और धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जहर उगलना शुरू कर दिया।

कमेटी अध्यक्ष स्वीकार कर चुके होते हैं घोटाले

उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी के मुखिया ने स्वीकार किया है कि कमेटी में रोजाना 10-12 घोटाले होते हैं, जो यह दर्शाता है कि श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए गोलक के धन का दुरुपयोग हो रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि शिरोमणि कमेटी की अंतरिम कमेटी ने वर्ष 2020 में अपनी बैठक में इस मामले में आरोपी कर्मचारियों और प्रकाशकों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई करने का प्रस्ताव पारित किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि हैरानी की बात यह है कि इतनी अनियमितताओं के बावजूद इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि शिरोमणि कमेटी ने स्वयं पूर्व मुख्य सचिव डा. रूप सिंह जैसे धनाढ्यों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करने का प्रस्ताव पारित किया था।

उन्होंने कहा कि एसएस कोहली एंड एसोसिएट्स (चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्म) की सभी सेवाएं समाप्त करने का निर्णय भी लिया गया था और जिम्मेदारियों में विफल रहने के कारण किए गए 75 प्रतिशत भुगतान की वसूली को भी मंजूरी दी गई थी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि चूंकि कोहली अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल के सीए के रूप में भी सेवाएं दे रहा था, इसलिए कार्रवाई आज तक लंबित है।