Punjab News: पंजाब में नशे के तस्करों और अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। तरनतारन में सीआईए स्टाफ की टीम जब भारत-पाक सीमा से सटे गांव माड़ी मेघा के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी, तभी खालड़ा बॉर्डर की तरफ से बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाइक सवारों को रोका और जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से 4 खतरनाक हैंड ग्रेनेड बरामद हुए।
दहशत फैलाने की थी योजना
पकड़े गए आरोपियों की पहचान धुन्न (थाना खालड़ा) निवासी प्रिंसपाल सिंह पुत्र कंवलजीत सिंह और उसके एक नाबालिग साथी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि इन विस्फोटकों की खेप पाकिस्तान में बैठे तस्करों के जरिए भारतीय सीमा में पहुंचाई गई थी। इस खेप को पंजाब में आगे किसी अन्य नेटवर्क को सप्लाई किया जाना था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से तस्करों के मंसूबे नाकाम हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने इस संबंध में थाना खालड़ा में मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 3 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारी अब रिमांड के दौरान आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं।
साजिश का पता लगाएगी पुलिस
जांच एजेंसियों का मुख्य ध्यान इस बात पर है कि पंजाब में इन विस्फोटकों की डिलीवरी किसे दी जानी थी और इनके जरिए किस स्थान को निशाना बनाने की साजिश थी। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य चेहरों का खुलासा हो सकता है।


