Punjab News: IB की सुप्रीम कोर्ट को सलाह, ‘बेअंत सिंह के हत्यारे हवारा को पंजाब जेल भेजना राज्य के लिए खतरा’

0
68

Punjab News: इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट से कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के दोषी जगतार सिंह हवारा को तिहाड़ जेल से पंजाब की किसी जेल में स्थानांतरित करने से राज्य की कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ब्यूरो ने आशंका जताते हुए कोर्ट से कहा कि अगर हवारा को पंजाब की जेल में स्थानांतरित किया जाता है, तो प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी असर पड़ सकता है।

कोर्ट ने 3 महीने के लिए टाला फैसला

जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता एस मुरलीधर से कहा कि एजेंसी की रिपोर्ट बेहद गंभीर है। इस पर मुरलीधर ने कहा कि यदि चुनाव चिंता का विषय है, तो मामले पर तीन महीने बाद सुनवाई की जा सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को अगले साल फरवरी में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया।

पंजाब ट्रांसफर न करने की दी सलाह

एजेंसी ने हवारा को हाई रिस्क कैटगरी का कैदी बताते हुए उसे पंजाब की जेल में स्थानांतरित नहीं करने की सलाह दी। पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं। इससे पहले शीर्ष अदालत ने दिल्ली सरकार को हवारा की स्थानांतरण याचिका पर आईबी से रिपोर्ट लेने का निर्देश दिया था।

किस आधार पर मांगा ट्रांसफर?

हवारा ने अपनी याचिका में कहा है कि उसके खिलाफ दिल्ली में कोई मामला लंबित नहीं है। वह पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले का निवासी है और उसे राज्य की किसी जेल में रखा जाना चाहिए। याचिका के अनुसार, जनवरी 2004 में जेल से फरार होने की घटना को छोड़कर जेल में उसका आचरण अच्छा रहा है। उसकी बेटी भी पंजाब में रहती है। हवारा को मार्च 2007 में निचली अदालत ने मृत्युदंड सुनाया था। अक्तूबर 2010 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उसकी मृत्युदंड की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था और निर्देश दिया था कि उसे जीवन के शेष समय तक जेल में रखा जाए।

किस मामले में बंद है हवारा?

हवारा अगस्त 1995 में चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय के प्रवेश द्वार पर हुए बम विस्फोट के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है। इस विस्फोट में तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह सहित 17 लोगों की मौत हुई थी। दिल्ली सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि हवारा पहले जेल से फरार हो चुका है। उसके स्थानांतरण से दोबारा फरार होने की आशंका बढ़ सकती है।

चंडीगढ़ जेल से सुरंग बनाकर भागा

हवारा, परमजीत सिंह भ्यौरा, तारा और हत्या के मामले में दोषी देवी सिंह 22 जनवरी, 2004 को चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल से करीब 100 फुट लंबी सुरंग खोदकर फरार हो गए थे। हवारा और भ्यौरा बाद में गिरफ्तार कर लिए गए थे, जबकि तारा को थाईलैंड में पकड़ा गया था। देवी सिंह अब भी फरार है।

  • TAGS
  • [post_tags]