शिमला. हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय मानसून की रफ्तार अब थोड़ी धीमी पड़ती दिखाई दे रही है. मौसम विभाग की तरफ से जारी पूर्वानुमान में बताया जा रहा है कि रविवार, 6 सितंबर को प्रदेश में बारिश का असर उतना देखने को नहीं मिलेगा. पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के कारण प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है.मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य को किसी भी शहर में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है.
पिछले कुछ दिनों में जमकर बादल के बरसने की वजह से जो स्थिति पैदा हुई है उसमें सुधार होगा. हालांकि भूस्खलन का असर राज्य में अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन के कारण 85 सड़कें अभी भी बंद हैं. जल जमाव और सड़कों पर गिरे पहाड़ के टुकडों ने यातायात को प्रभावित किया है. बारिश की वजह से कई इलाकों की सड़कों काफी नुकसान पहुंचा है.
धर्मशाला में सबसे ज्यादा बारिश
अगर हम मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो पिछले 24 घंटों यहां कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. धर्मशाला में सबसे अधिक 30.2 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं बिलासपुर के बीबीएमबी में 21.4 मिलीमीटर, ऊना के रायपुर मैदान में 18 मिलीमीटर, नाहन में 14 मिलीमीटर, चंबा के जोत में 12.6 मिलीमीटर और पालमपुर में 12 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन भारी बारिश जैसी स्थिति बनने की संभावना फिलहाल नहीं है.
रविवार को राहत की उम्मीद
हिमाचल में मानसून के पूरी तरह से सक्रिय होने की वजह से यहां कई शहारों पर इसका असर पड़ा है. अब अगले कुछ दिन बारिश के कम होने के पूर्वानुमान ने प्रशासन और स्थानीय लोगों को राहत की खबर दी है. इस दौरान बंद सड़कों को खोलने तथा क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत का काम करने में आसानी होगी. भले ही बरसात कम होने की संभावना जताई जा रही हो लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा खत्म नहीं माना जा सकता. मौसम विभाग और प्रशासन की तरफ से यात्रा करने वाले लोगों को एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी गई है.


