Kinnaur Accident News : किन्नौर में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में कार गिरने से चार की मौत

0
516
Kinnaur Accident News : किन्नौर में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में कार गिरने से चार की मौत
Kinnaur Accident News : किन्नौर में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में कार गिरने से चार की मौत

Kinnaur News | आज समाज नेटवर्क | रिकांगपिओ‌।‌ किन्नौर जिला के भावानगर उपमंडल में शनिवार सुबह एक बड़े सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए छोल्टू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सुबह करीब 7 बजे जानी संपर्क मार्ग पर हुआ, जब टापरी से जानी की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

मिली जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त कार में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा खाई में गिरी गाड़ी से घायलों व मृतकों को बाहर निकाला गया।

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हिमेश कुमार (19) निवासी जानी (निचार), कृष्णा (42) निवासी जानी, सुषमा (47) निवासी ग्रांगे (निचार) और इंद्र लाल (30) निवासी जानी के रूप में हुई है। वहीं, विद्या कृष्ण (32) निवासी जानी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टापरी पहुंचाया गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

कार्यवाहक एसपी एवं डीएसपी भावानगर राजकुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सड़क की स्थिति और वाहन के नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।

मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे में चार लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने किन्नौर जिला के भावानगर के समीप जानी लिंक रोड पर हुए कार हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इस कठिन समय में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायल को बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

Shimla News : विधानसभा सत्र के दौरान रहेगी मजबूत कानून व्यवस्था – उपायुक्त

  • TAGS
  • [post_tags]