HRTC Bus Fire Video: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में उस समय कई यात्री सवार थे। देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई और जलकर पूरी तरह खाक हो गई। राहत की बात यह है कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया। जब तक दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची, तब तक बस लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है।
यह घटना पालमपुर डिपो की बस के साथ हुई, जो सरूट से पालमपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में धीरा-सुलह होते हुए ग्राम पंचायत चौकी के कलूना क्षेत्र में पहुंचने के दौरान अचानक बस में आग लग गई। हादसे के बाद बस में मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग को देखते ही ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत बस को रोककर यात्रियों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि सभी यात्रियों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस जल गई।
यहां देखें बस जलने का खौफनाक वीडियो
फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक जल चुकी थी बस
बस में आग लगने की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। हालांकि जब तक दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची, तब तक बस जलकर खाक बन चुकी थी। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल बस में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है, ताकि आग लगने की सही वजह सामने आ सके।
HRTC बसों में ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकीं
हिमाचल प्रदेश में इससे पहले भी कुछ HRTC बसों में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में ऊना में एक चलती HRTC बस में आग लगने की घटना में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इस घटना के बाद एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सुरक्षा और नियमित तकनीकी जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों की समय-समय पर जांच और मेंटेनेंस बेहद जरूरी है।


