हिमाचल के बच्चों के दांतों पर मीठे की मार! 37% में कैविटी, सामने आई चौंकाने वाली रिपोर्ट

0
106

Himachal Dental Health Research: हिमाचल प्रदेश में बच्चों के बीच सॉफ्ट ड्रिंक, एनर्जी ड्रिंक, टॉफी, चॉकलेट और अन्य मीठी चीजों का बढ़ता सेवन दंत स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है. दंत कॉलेज एवं अस्पताल शिमला के सार्वजनिक स्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग के अध्ययन में 12 से 15 साल की उम्र के 37.1 फीसदी बच्चों में दांतों में कैविटी यानी सड़न के लक्षण मिले हैं. अध्ययन में कार्बोहाइड्रेट और मीठे खाद्य पदार्थों की अधिक मात्रा को दांतों की सेहत के लिए प्रमुख जोखिम बताया गया है.

57.2 फीसदी बच्चे दिन में सिर्फ एक बार करते हैं ब्रश

अध्ययन में बच्चों की दांत साफ करने की आदतों को लेकर भी चिंताजनक तस्वीर सामने आई. स्कूलों और अस्पताल में शामिल बच्चों में 57.2 फीसदी ने बताया कि वे दिन में केवल एक बार ब्रश करते हैं. लड़कियों में यह अनुपात लड़कों की तुलना में अधिक पाया गया.

विशेषज्ञों के मुताबिक दांतों की नियमित सफाई नहीं करने और बार-बार मीठा खाने से कैविटी के अलावा मसूड़ों से जुड़ी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है. बच्चों को सुबह और रात, दोनों समय ब्रश करने की आदत डालना जरूरी बताया गया है.

एक बार ब्रश करने वालों में कैविटी का जोखिम ज्यादा

अध्ययन में ब्रश करने की आवृत्ति और कैविटी के बीच संबंध का भी विश्लेषण किया गया. 27.2 फीसदी बच्चों में कैविटी का जोखिम 2.91 गुना अधिक दर्ज किया गया, जबकि 30.3 फीसदी बच्चों में उत्कृष्ट श्रेणी की तुलना में यह जोखिम 1.54 गुना ज्यादा पाया गया.

मई 2024 से दिसंबर 2025 तक हुआ अध्ययन

यह शोध मई 2024 से दिसंबर 2025 के बीच किया गया. इसमें अस्पताल आने वाले तथा विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले 12 से 15 वर्ष के बच्चों को शामिल किया गया. बच्चों के 24 घंटे के खान-पान और दंत स्वास्थ्य का आकलन किया गया. अध्ययन में डॉ. नीतिका नारियाल, डॉ. विनय भारद्वाज, डॉ. शैली फोतेदार, डॉ. अरुण सिंह ठाकुर, डॉ. शैलजा वशिष्ठ और डॉ. अतुल सांख्यान शामिल रहे. इसके निष्कर्ष जून में जर्नल ऑफ इंडियन एसोसिएशन ऑफ पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट में प्रकाशित हुए.

आधे से ज्यादा बच्चे अंडरवेट

अध्ययन में 50.2 फीसदी बच्चे अंडरवेट पाए गए. हालांकि शोधकर्ताओं ने अंडरवेट होने और कैविटी के बीच सीधा संबंध नहीं माना। वहीं 37.9 फीसदी बच्चे सामान्य वजन, 6.6 फीसदी अत्यधिक वजन और 5.3 फीसदी मोटापे की श्रेणी में मिले. अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य की जरूरत के अनुसार नियमित जांच कराने की सलाह दी गई है.

 

  • TAGS
  • [post_tags]