
समर सीजन के दौरान चलाई विशेष ट्रेनों की अवधि समाप्त होने के बाद लिया गया फैसला
Shimla-Kalka Train (आज समाज), शिमला : हिमाचल प्रदेश आने वाले देश और विदेश के सैलानियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ये सभी सैलानी अब हिमाचल आने पर विश्व धरोहर और विश्व प्रसिद्ध मिक्स अप डाउन ट्रेन शुरू कर दी है। ज्ञात रहे कि यह ट्रेन कालका-शिमला मार्ग पर चलती है। इसमें यात्रा करने का अपना एक अलग अनुभव रहता है इसी के चलते यह सैलानियों के लिए विशेष महत्ता रखती है। इस संबंध में भारतीय रेलवे ने आज यानी गुरुवार से इसके संचालन की सूचना साझा की है। रेलवे ने यह फैसला समर सीजन के दौरान चलाई गई विशेष ट्रेनों की अवधि समाप्त होने के बाद लिया है।
यह रहेगा यात्रा का समय
रेलवे की ओर से साझा की गई सूचना के अनुसार यह मिक्स ट्रेन अब प्रतिदिन कालका से सुबह 8 बजे रवाना होगी और दोपहर 1:55 बजे शिमला पहुंचेगी। वापसी यात्रा में, यही ट्रेन शाम 5 बजे शिमला से प्रस्थान करेगी और रात 10:22 बजे कालका पहुंचेगी।
इसलिए खास है यह ट्रेन
लगभग 96 किलोमीटर लंबे कालका-शिमला रेलमार्ग का निर्माण ब्रिटिश काल में किया गया था। यह संकरी रेल लाइन अपनी 100 से अधिक सुरंगों, सैकड़ों पुलों और चारों ओर फैले पहाड़ों के मनमोहक दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। इन सभी विशेषताओं के कारण, यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर का दर्जा प्रदान किया है, जो इसे दुनिया के सबसे खूबसूरत और ऐतिहासिक रेल सफरों में से एक बनाता है।
इस ट्रेन की सबसे आकर्षक बात इसका किराया है, जो मात्र 50 रुपये निर्धारित किया गया है। ट्रेन की सभी बोगियां जनरल श्रेणी की होंगी, जिससे आम यात्रियों को कम खर्च में इस खूबसूरत और ऐतिहासिक रेलमार्ग पर यात्रा करने का अवसर मिलेगा। कम किराए के कारण, यह सेवा दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और विशेष रूप से हिमाचल की यात्रा करने वाले पर्यटकों के लिए एक बेहद उपयोगी और किफायती विकल्प साबित होगी।
विज्ञापन
रास्ते में आने वाले सभी स्टेशनों पर रुकती है ट्रेन
इस मिक्स ट्रेन की एक और बड़ी खासियत यह है कि यह कालका और शिमला के बीच स्थित सभी छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इसका अर्थ है कि बीच के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अब अलग से सीट आरक्षित कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यह सुविधा स्थानीय लोगों के लिए आवागमन को और भी सुगम बनाएगी और उन्हें नियमित रेल सेवा का लाभ उठाने में मदद करेगी।

