Himachal Pradesh Earthquake: हिमाचल प्रदेश में बुधवार सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 5 बजकर 46 मिनट पर कई इलाकों में धरती हिली। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.0 मापी गई। राहत की बात है कि फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। NCS के मुताबिक भूकंप का केंद्र शिमला से करीब 66 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण दिशा में जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके करीब 3 सेकेंड तक महसूस किए गए। अचानक घरों में कंपन महसूस होने के बाद कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों पर पहुंच गए। कुछ देर बाद कंपन पूरी तरह थमने पर लोग वापस अपने घरों में लौट गए।
कई जिलों में महसूस हुए झटके
भूकंप का असर केवल शिमला तक सीमित नहीं रहा। शिमला के अलावा सोलन, सिरमौर, बिलासपुर और मंडी जिलों के कई हिस्सों में भी झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है। भूकंप का केंद्र शिमला के पूर्व-दक्षिण दिशा में होने के कारण जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की ओर भी इसके झटके महसूस किए गए। फिलहाल बुधवार सुबह आए 4.0 तीव्रता के भूकंप के बाद हिमाचल में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
भूकंप के लिहाज से हिमाचल संवेदनशील
हिमाचल प्रदेश भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से देश के संवेदनशील राज्यों में शामिल है। देश को भूकंप के जोखिम के आधार पर पांच जोन में बांटा गया है, जिनमें जोन-5 सबसे अधिक संवेदनशील माना जाता है। हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और शिमला के कुछ हिस्से जोन-5 में आते हैं। वहीं मंडी, कुल्लू, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और ऊना जैसे जिले जोन-4 में शामिल हैं। ऐसे में प्रदेश के कई हिस्सों में भूकंप का खतरा बना रहता है और यहां समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।
5.0 से ज्यादा मैग्नीट्यूड होने पर ज्यादा खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार रिक्टर स्केल पर 5.0 से कम तीव्रता वाले भूकंप आमतौर पर बड़े स्तर पर नुकसान का कारण नहीं बनते। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि कम तीव्रता वाले भूकंप पूरी तरह सुरक्षित होते हैं। भूकंप की गहराई, केंद्र से दूरी, स्थानीय भूगर्भीय परिस्थितियों और इमारतों की मजबूती जैसे कारकों पर नुकसान निर्भर करता है। 5.0 या उससे अधिक तीव्रता के भूकंप में जान-माल के नुकसान की आशंका बढ़ सकती है। रिक्टर स्केल पर तीव्रता बढ़ने के साथ भूकंप की ऊर्जा में भी काफी वृद्धि होती है।


