Himachal News: भारी बारिश से कालका-शिमला रेलखंड पर गहराया संकट, 10 ट्रेनें रद्द

0
167

Himachal News: हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से हालत बद्तर हो गई है। बारिश और भूस्खलन की वजह से कालका-शिमला रेलखंड पर एक बार फिर खतरा मंडरा रहा है। कोटी और गुम्मन रेलवे स्टेशनों के बीच ब्रिज नंबर 57 के पास ट्रैक के आसपास की मिट्टी बह जाने के बाद रेलवे ने इस रेलखंड पर यातायात रोक दिया है। रेलवे ने बताया है कि यातायात रोकने का फैसला ब्रिज नंबर 57 के करीब किलोमीटर 07/16-17 पर मिट्टी बहने की वजह से लिया गया है।

कुल 10 ट्रेनें की गईं रद्द

रेलवे द्वारा जारी की गई सूचना के मुताबिक, नैरो गेज पर ट्रेनों का संचालन निलंबित कर दिया गया और 30 अगस्त 2026 को चलने वाली कुल 10 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें कालका से शिमला और शिमला से कालका जाने वाली पांच-पांच ट्रेनें शामिल हैं। कोटी-गुम्मन के बीच ट्रैक के आसपास मिट्टी बहने से रेल लाइन की सुरक्षा प्रभावित हुई है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों का संचालन रोकने का फैसला लिया गया है।

सेना की लेनी पड़ी थी मदद

लगातार बारिश के कारण कालका-शिमला हेरिटेज रेललाइन पर कोटी, गुम्मन और तारादेवी के आसपास मलबा गिरने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। अगस्त में इस रेलखंड पर यात्रियों को निकालने के लिए सेना की मदद तक लेनी पड़ी थी। इस बार ब्रिज नंबर 57 के आसपास मिट्टी बहने की घटना ने रेलवे की चिंता बढ़ा दी है।

रद्द होने वाली ट्रेनें:

कालका से शिमला की ट्रेनें
52451
52459
52455
52453
52457
शिमला से कालका की ट्रेनें
52452
52460
52456
52454
52458

ट्रेन का ताजा स्टेटस देखें

अगर आप 30 अगस्त को कालका, शिमला या बीच के किसी स्टेशन से टॉय ट्रेन से यात्रा करने वाले हैं, तो यात्रा से पहले ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें। ऑनलाइन ट्रेन डेटा में भी 30 अगस्त के लिए कई कालका-शिमला ट्रेनें कैंसिल दिखाई जा रही हैं।

  • TAGS
  • [post_tags]