Haryana News: हरियाणा के सिरसा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। कालांवली के गांव देसूमलकाना के पास शुक्रवार रात कार के माइनर में गिरने से दो किसानों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव देसूमलकाना निवासी करीब 40 वर्षीय हरनैब सिंह और 70 वर्षीय वचित्र सिंह के रूप में हुई है।
ग्रामीणों की मदद से निकाले शव
हादसे की सूचना मिलते ही कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलकर अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया।
मौके पर ही दोनों की मौत
घटना की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि हरनैब सिंह और वचित्र सिंह कार में सवार होकर कालांवाली से गांव देसूमलकाना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर माइनर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
तेज लाइट पड़ने से हुआ हादसा
शुरुआती जानकारी के अनुसार सामने से आ रहे वाहन की तेज लाइट पड़ने के कारण कार चालक को सड़क दिखाई नहीं दी और कार अनियंत्रित होकर माइनर में गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिवारों पर टूटा दुख का पहाड़
इस हादसे की सूचना मृतकों के गांव पहुंचते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। बताया गया है कि मृतक हरनैब सिंह के परिवार में 18 वर्षीय अविवाहित बेटा है। वहीं मृतक वचित्र सिंह के चार बेटे हैं और चारों विवाहित हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कालांवाली पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को सिरसा के सामान्य अस्पताल में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


