पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी
Jeevan Murder Case Protest, (आज समाज), हिसार: हरियाणा के हिसार में डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पकड़ने की मांग को लेकर किसानों और खाप प्रतिनिधियों ने 3 घंटे तक 7 टोल बंद रखे। इस दौरान किसान संगठनों ने चेतावनी दी कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर हांसी में सीएम नायब सैनी के प्रोग्राम का भी विरोध किया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को किसानों के साथ खाप प्रतिनिधियों ने हिसार में लांधड़ी, चौधरीवास, अग्रोहा, हांसी में रामायण, बास और रोहतक में मकड़ौली और चांदी टोल बंद रखा।
इस दौरान कुछ वाहन चालकों की किसानों से नोकझोंक भी हुई, वहीं कुछ किसान हाथ जोड़कर वाहन चालकों को लौटाते दिखे। दोपहर 2 बजे के बाद किसानों ने सभी टोल खोल दिए। प्रदर्शन को देखते हुए 300 पुलिसकर्मी टोल पर तैनात रहे। पुलिस की एक कंपनी को रिजर्व रखा गया। डीएसपी किशोरी शर्मा का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान लोकल रूट से वाहन निकाले गए।
7 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर 50 हजार रुपए का इनाम
हिसार पुलिस अब तक मामले में भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अब भी फरार है, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी
एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि पुलिस की 10 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मुख्य आरोपी देश छोड़कर न भाग सके, इसके लिए लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी गई है और पुनर्वास के लिए रोजगार का आवेदन भी कराया गया है।
आरोपी भाजपा विधायक का रिश्तेदार
धरना कमेटी के सदस्य सुरेश कोथ ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी उचाना से भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री का रिश्तेदार है और राजनीतिक शह के कारण ही वह पुलिस की पकड़ से बाहर है।
हमारे परिवार में मर्डर के आरोपी को बचाने वाले संस्कार नहीं
वहीं, मामले में विधायक अत्री ने कहा, आरोपी रमेश शर्मा मेरे गांव कसूहन का है और 5वीं पीढ़ी का रिश्तेदार है। 35 साल पहले ही उसका परिवार हिसार शिफ्ट हो गया था। अगर इस मामले में मेरा सगा भाई या बेटा भी शामिल होता, तो मैं उसकी पैरवी नहीं करता। हमारे परिवार में मर्डर के आरोपी को बचाने वाले संस्कार नहीं हैं।
खटकड़ टोल भी तीन घंटे रहा फ्री
हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को किसान संगठनों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने जींद-नरवाना नेशनल हाईवे स्थित खटकड़ टोल प्लाजा को तीन घंटे के लिए टोल फ्री करवाया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा से गुजरने वाले किसी भी वाहन से टोल की वसूली नहीं होने दी और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि हत्यारोपियों को सत्तारूढ़ भाजपा के नेताओं का खुला संरक्षण हासिल है, जिसके चलते पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही।
ये भी पढ़ें: पाक पीएम की भारत को धमकी, कहा- एक बूंद पानी रोका तो हमला कर देंगे


