Haryana Roadways Employees Protest(आज समाज नेटवर्क) हिसार। कर्मचारियों के लंबित वित्तीय भत्तों व अन्य मांग पर रोडवेज महाप्रबंधक के खिलाफ चल रहा धरना अब पूरी तरह से आर-पार की लड़ाई में बदल चुका है। इसी कड़ी में गुरुवार को धरने के 42वें दिन भी कर्मचारियों का आक्रोश चरम पर दिखाई दिया। धरने की अध्यक्षता दर्शन जांगड़ा ने की जबकि मंच संचालन राजेश सेलवाल ने किया।
आंदोलन को उस समय और अधिक मजबूती मिली जब धरना स्थल पर हरियाणा रोडवेज के कई वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी नेताओं ने पहुंचकर इस लड़ाई को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया। इनमें रिटायर्ड महाप्रबंधक उदयवीर सिंह दुहन, रिटायर्ड कर्मचारी नेता राजपाल नैन, राजबीर सिंधु, नरेश गोयल, बलबीर सिंह देशवाल के अलावा वरिष्ठ नेता कुलदीप पाबड़ा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
धरनास्थल पर पहुंचे इन सभी वक्ताओं ने कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे हर हाल में अपनी एकता बनाए रखें और पूरी ईमानदारी व अनुशासन के साथ इस आंदोलन को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनका शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस न्याय की लड़ाई में कर्मचारियों की जीत पूरी तरह निश्चित है।
15 सूत्रीय मांग पत्र की सभी मांगों को निर्धारित समय सीमा यानि 8 जुलाई तक हर हाल में पूरा किया जाए
सांझा संघर्ष समिति हिसार के प्रेस प्रवक्ता संदीप जैनावास ने इस दौरान प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 2016 बैच के एसपीएल चालकों की वर्ष 2020-2023 तथा 2024-2027 की एलटीसी के संबंध में सांझा संघर्ष समिति द्वारा प्रशासन को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
प्रवक्ता ने दो टूक शब्दों में प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि समिति द्वारा सौंपे गए 15 सूत्रीय मांग पत्र की सभी मांगों को निर्धारित समय सीमा यानि 8 जुलाई तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने साफ किया कि यदि तय समय तक कर्मचारियों की इन जायज मांगों का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो आगामी 9 जुलाई को हिसार डिपो के तमाम कर्मचारी एक बहुत बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी डिपो प्रशासन की होगी।


