
मृतक छात्रा के भाई को मिलेगी नौकरी, परिवार को 16 लाख रुपए नकद
PhD Scholar Jyoti death case (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस में गत दिवस हुई एक दर्दनाक घटना में हरियाणा के भिवानी जिले की निवासी और पीएचडी कर रही युवती की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई थी। इस मामले का पता चलते ही स्टूडेंट यूनियन के सदस्य एकत्रित हो गए और उन्होंने पीयू प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
इसके साथ ही यूनियन पदाधिकारियों ने पीयू प्रबंधन को मृतक छात्रा के परिवार को मुआवजा देने के लिए दबाव बनाया। छात्र संगठनों का यह दबाव काम कर गया और पीयू प्रबंधन ने इस घटना के एक दिन के अंदर की मृतक छात्रा के परिवार को मुआवजा देने का ऐलान कर दिया। पीयू प्रबंधन द्वारा की गई घोषणा के अनुसार मृतका के भाई को नौकरी दी जाएगी जबकि परिवार को 16 लाख रुपए आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मंगलवार सुबह करंट की चपेट में आई थी ज्योति
दरअसल, मंगलवार को पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में यूनिवर्सिटी की एक छात्रा, ज्योति, परिसर में मौजूद बिजली के एक खुले तार की चपेट में आ गई थी। करंट इतना जोरदार था कि ज्योति को संभलने का मौका तक नहीं मिला और इस हादसे में उसकी जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे कैंपस में जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। छात्रों और कर्मचारियों में इस बात को लेकर काफी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कैंपस के अंतर सुरक्षा इंतजामों में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। यूनिवर्सिटी प्रशासन पर भी इस बात का भारी दबाव था कि वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएं और उनकी मदद करें।
इसलिए पीयू प्रबंधन ने तुरंत लिया फैसला
इसके बाद लगातार उठ रही मांगों और परिवार की खराब स्थिति को देखते हुए पंजाब यूनिवर्सिटी की वीसी और उच्च अधिकारियों की एक विशेष बैठक हुई। इस बैठक में मानवता और जिम्मेदारी दिखाते हुए परिवार के लिए एक बड़े राहत पैकेज को मंजूरी दी गई। प्रशासन ने तय किया कि वे परिवार को बेसहारा नहीं छोड़ेंगे।
इस फैसले के तहत यूनिवर्सिटी ने ज्योति के भाई को कैंपस में ही इलेक्ट्रीशियन के पद पर पक्की नौकरी दे दी है। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी ने ज्योति के परिवार को 16 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का भी ऐलान किया है। यह रकम परिवार को सौंप दी गई है ताकि हादसे के बाद अचानक आए इस संकट और किसी भी तरह के कर्ज या तात्कालिक जरूरतों को पूरा किया जा सके।
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : पंजाबियों ने हर कीमत पर भाईचारा बनाए रखा : मान

