Panchkula News : जन समस्याओं का समाधान ही सरकार की प्राथमिकता : कार्तिकेय शर्मा

0
411
Solving public problems is the government's priority Kartikeya Sharma
सांसद कार्तिकेय शर्मा
  • मंत्री विपुल गोयल ने पंचकूला में ली जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक
  • कष्ट निवारण समिति की बैठक में 9 शिकायतों पर सुनवाई, अधिकांश का मौके पर समाधान

Panchkula News(आज समाज नेटवर्क) पंचकूला। हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, सेक्टर-1, पंचकूला में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान उन्होंने कुल 9 शिकायतें सुनीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में आमजन से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निवारण के स्पष्ट निर्देश दिए गए बैठक में सांसद कार्तिकेय शर्मा एवं कालका से भाजपा विधायक शक्ति रानी शर्मा उपस्थित रही।

बैठक जनसमस्याओं के समाधान को केंद्र में रखकर आयोजित की गई : शर्मा

बैठक के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि यह बैठक पूरी तरह जनसमस्याओं के समाधान को केंद्र में रखकर आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि जनता द्वारा रखी गई सभी शिकायतों पर गंभीरता से विचार हुआ है और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की ओर से संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रशासन जनता के प्रति जवाबदेह बने और समस्याओं का समाधान धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे। इस अवसर पर सांसद कार्तिकेय शर्मा ने गृह मंत्री अमित शाह के पंचकुला दौरे को लेकर कहा कि जब देश का शीर्ष नेतृत्व किसी जिले में आता है, तो वह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं होता। ऐसे दौरों से प्रेरणा भी मिलती है और यह उस जिले के लोगों के लिए सौभाग्य का विषय भी होता है। शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति से विकास के संकल्प को मजबूती मिलती है और जनमानस में विश्वास का संचार होता है।

बांग्लादेश में हिंदू युवक को जिंदा जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए : कार्तिकेय

सांसद कार्तिकेय शर्मा ने बांग्लादेश में एक हिंदू युवक को जिंदा जलाए जाने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत निंदनीय और अमानवीय बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं और इसकी कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। साथ ही, सांसद कार्तिकेय शर्मा ने हरियाणा के हांसी को 23वां जिला घोषित किए जाने पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं सुलभ होंगी।

बैठक में इन शिकायतों पर हुई सुनवाई

बैठक में गांव सुखदर्शनपुर के निवासियों ने गांव के निकट लगभग 300 मीटर दूरी पर स्थित एक फैक्ट्री से रासायनिक अपशिष्ट के रिसाव का मुद्दा उठाया। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि गठित जांच समिति, जिसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, नायब तहसीलदार बरवाला एवं गैर-सरकारी सदस्य शामिल थे, ने मौके का निरीक्षण किया।

जांच में पाया गया कि फैक्ट्री से खेतों में किसी प्रकार का रासायनिक अपशिष्ट नहीं जा रहा है, बल्कि केवल बरसात के दौरान पानी भरने की समस्या रहती है। इस पर मंत्री श्री विपुल गोयल ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को 5 जनवरी तक पानी की निकासी के लिए पाइप डालने के निर्देश दिए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।

प्रशासन ने खड़ग मंगौली में 17.50 एकड़ भूमि का कब्जा लिया

गांव माजरी, पंचकूला निवासी द्वारा एचएसवीपी की भूमि पर अवैध दुकानें और मकान बनाकर किराया वसूलने की शिकायत पर मंत्री ने की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारी ने बताया कि गांव खड़ग मंगौली में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर 17.50 एकड़ भूमि का कब्ज़ा ले लिया गया है, जिसका चरणबद्ध तरीके से पुनर्वास किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त गांव में इस प्रकार की चार-पांच दुकानों की शिकायत मिली थी, जिन्हें सील कर दिया गया है।

नगर निगम को एक माह के भीतर पाइप डालकर सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए

राजीव कॉलोनी निवासी द्वारा लंबे समय से बंद पड़े शौचालयों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने नगर निगम को एक माह के भीतर पाइप डालकर सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि कॉलोनीवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।गांव बुंगा निवासी ने शिकायत में बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा उसकी जमीन पर नाले का निर्माण किया गया है। इस पर मंत्री ने विभाग को भूमि की निशानदेही करवाने के निर्देश दिए तथा यह भी कहा कि नाले का निर्माण शिकायतकर्ता की भूमि से बाहर करने की संभावनाओं पर विचार किया जाए।

गांव कनौली निवासी द्वारा गांव से गुजरने वाली बरसाती नदी की शामलात भूमि पर अवैध कब्जे के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की शिकायत पर मंत्री ने तहसीलदार पंचकूला और सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता को समस्या के समाधान के निर्देश दिए।सेक्टर-6 निवासी द्वारा एमसी पार्क पर अवैध कब्जे और घर के पीछे ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण की शिकायत पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त सतपाल शर्मा, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, मेयर कुलभूषण गोयल, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, एसडीएम कालका संयम गर्ग, जिला बार एसोसिएशन के प्रधान राकेश शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण एवं कष्ट निवारण समिति के गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

  • TAGS
  • [post_tags]