(Kurukshetra News) कुरुक्षेत्र। हरियाणा के स्थानीय शहरी निकाय राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि थानेसर शहर के सामुदायिक केंद्रों को होटल की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इन सामुदायिक केंद्रों का नवीनीकरण करने का प्रोजेक्ट सरकार के पास भेजा गया है। इन सामुदायिक केंद्रों को पूर्णत: सेंट्रल वातानुकूलित बनाया जाएगा। इन सामुदायिक केंद्रों को अप टू डेट करने की परियोजना पर करीब 11 करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा।
सामुदायिक केंद्रों को बनाया जाएगा सेंट्रल एसी, 6 सामुदायिक केंद्रों का किया जाएगा नवीनीकरण, परियोजना पर खर्च होगा 11 करोड़ का बजट
राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने बातचीत करते हुए कहा कि थानेसर शहर के साथ-साथ गांवों में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए जोर-शोर से कार्य किया जा रहा है। पिछले 2 माह में करीब 66 करोड़ रुपए की राशि की परियोजनाएं सरकार के पास भेजी गई है और इनमें से अधिकतर परियोजनाओं पर सरकार ने प्रशासनिक अनुमति के साथ-साथ करोड़ों का बजट भी जारी कर दिया है। इन तमाम परियोजनाओं के कार्यों को आगामी 2 माह के अंदर पूरा करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है। इन परियोजनाओं में थानेसर शहर के सामुदायिक केंद्रों को होटल की तर्ज पर विकसित करने का प्रोजेक्ट भी शामिल है। इस प्रोजेक्ट को नगर परिषद की तकनीकी और सिविल टीम के माध्यम से तैयार किया गया है और अंतिम अनुमति के लिए परियोजना सरकार के पास भेजी गई है।