
Jagmohan Anand Death Threat: हरियाणा के करनाल से बीजेपी विधायक जगमोहन आनंद और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। विधायक के कैंप कार्यालय में डाक के जरिए एक धमकी भरा लेटर पहुंचा, जिसमें भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एरिया कमांडर बलबीर सिंह बताया है। पत्र में विधायक और उनके बेटे को एक महीने के भीतर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद विधायक ने पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी पत्र लिखकर अपने और परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। करनाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डाक से पहुंचा धमकी भरा पत्र
27 अगस्त को विधायक के कैंप कार्यालय में डाक के माध्यम से यह लेटर पहुंचा। पत्र में बेहद आपत्तिजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। भेजने वाले ने विधायक और उनके बेटे को निशाना बनाने की बात कही है और खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने की कोशिश की है। लेटर में लिखा है कि “कितनी भी सुरक्षा बढ़ा ले, तुझे और तेर बेटे को एक महीने के अंदर मार दिया जाएगा। तेरे को टपकाने की जिम्मेदारी मिली है। AK-47 से इतनी गोलियां मारूंगा कि पाकिस्तान का नक्शा बन जाएगा। तेरा गारंटी कार्ड साइन करके भेज रहा हूं। तेरे को हर्ष की मौत का बदला ब्याज समेत देना होगा।” धमकी के बाद विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा है। उन्होंने पुलिस और खुफिया एजेंसियों से तत्काल कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत की प्रतियां डीजीपी, एडीजीपी (CID) और करनाल एसपी को भी भेजी गई हैं।
पुलिस FIR दर्ज कर जांच में जुटी
करनाल एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि विधायक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया है और धमकी देने वाले व्यक्ति को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि किसी भी स्थिति में शहर का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पत्र वास्तव में किसने भेजा, इसे कहां से पोस्ट किया गया और धमकी देने वाले व्यक्ति का किसी आपराधिक गिरोह से कोई संबंध है या नहीं। पत्र की भाषा और उसमें किए गए दावों की भी जांच की जा रही है।
हर्ष-बीरबल एनकाउंटर का जिक्र क्यों?
विधायक को मिली धमकी ऐसे समय आई है, जब करनाल में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के बाद हुए हर्ष और बीरबल एनकाउंटर को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। इसी घटनाक्रम के बीच विधायक जगमोहन आनंद भी निशाने पर रहे हैं। 5 अगस्त की रात करनाल में बीरू वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अगले दिन पुलिस की मुठभेड़ में हर्ष और बीरबल की मौत हो गई। पुलिस का दावा था कि दोनों बीरू हत्याकांड में शामिल संदिग्ध शूटर थे। हालांकि हर्ष के परिवार और रोड़ समाज ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस मुद्दे को लेकर करनाल और आसपास के इलाकों में पंचायतों और विरोध प्रदर्शनों का दौर भी चला।
एनकाउंटर की जांच के लिए बनी SIT
हर्ष और बीरबल की पुलिस मुठभेड़ को लेकर बढ़ते विरोध के बाद सरकार ने मामले की जांच स्टेट क्राइम ब्रांच की SIT से कराने का फैसला लिया। एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर आईपीएस संजय कुमार की अध्यक्षता में गठित टीम ने अब जांच शुरू कर दी है। SIT ने 27 अगस्त को गोगड़ीपुर के पास एनकाउंटर स्थल का मौका मुआयना किया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र, भौतिक साक्ष्यों, गोलियों के निशान और अन्य पहलुओं का निरीक्षण किया, ताकि पुलिस की ओर से बताए गए घटनाक्रम की जांच की जा सके।
रोड़ समाज और विधायक के बीच विवाद
हर्ष-बीरबल एनकाउंटर को लेकर रोड़ समाज की ओर से विधायक जगमोहन आनंद के खिलाफ भी नाराजगी सामने आई थी। समाज की ओर से एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच और विधायक के बयानों को लेकर आपत्ति जताई गई थी। कुछ पंचायतों और महापंचायतों में विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठी। पत्र में भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एरिया कमांडर बताया है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और धमकी देने वाले तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है। वहीं दूसरी तरफ हर्ष-बीरबल एनकाउंटर की SIT जांच भी आगे बढ़ रही है। दोनों घटनाक्रमों के बीच कोई प्रत्यक्ष संबंध है या नहीं, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

