- घर में फंदे पर मिला शव
- माता-पिता ने बहू पर लगाए गंभीर आरोप
Karnal News(आज समाज नेटवर्क) करनाल। काछवा पुल क्षेत्र में 34 वर्षीय युवक का शव उसके घर में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मामले में मृतक के माता-पिता ने उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पत्नी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतक की पहचान कपिल (34) के रूप में हुई है, जो कबाड़ का काम करता था। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से भी पीड़ित था। उसकी पत्नी नूरी ने बताया कि दोनों ने करीब 12 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था और उनके दो बेटे हैं। शादी के बाद से पिछले करीब आठ वर्षों से वे मृतक के माता-पिता से अलग रह रहे थे।
नूरी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद कपिल कुछ दिन अपने माता-पिता के पास चला गया था। वह पिछले दो दिनों से अपने मायके शांतिनगर गई हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे जब वह घर लौटी तो कपिल घर में मौजूद था। इसके बाद वह बच्चों के स्कूल के जूते खरीदने बाजार चली गई। शाम करीब चार बजे वापस आने पर उसने ऊपर कमरे में कपिल को पंखे से लटका देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और आसपास के लोगों को दी।
नूरी का कहना है कि परिवार पर कुछ कर्ज था, जिसकी वजह से कपिल मानसिक तनाव में रहता था। उसके अनुसार, कपिल ने अपने माता-पिता से आर्थिक मदद भी मांगी थी, लेकिन उसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर की जाएगी आगे की कार्रवाई
वहीं, मृतक की मां पूजा ने बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके बेटे की मौत सामान्य नहीं है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बहू अक्सर कपिल से झगड़ा करती थी, उसकी देखभाल नहीं करती थी और बीमारी के दौरान भी उचित उपचार नहीं कराया। पूजा ने बताया कि एक दिन पहले कपिल उनके पास आया था और पैसों की जरूरत बताई थी, जिस पर उन्होंने उसे 10 हजार रुपये दिए थे। उनका दावा है कि उस समय भी कपिल ने पत्नी से परेशान होने की बात कही थी।
रामनगर थाना प्रभारी महावीर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।


