- भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गिराए गए अवैध निर्माण
Gurugram News(आज समाज नेटवर्क )गुरुग्राम। भौंडसी थाना क्षेत्र में सोमवार को 10 नंबरी अपराधी के अवैध निर्माण पर नगर निगम का बुल्डोजर चला। दोपहर के समय भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ये अवैध निर्माण गिराये गये। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संगीन वारदातों में एक दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार थाना भौंडसी क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी नरेन्द्र उर्फ सोनू राठी पुत्र स्वर्गीय मांगे राम (39 वर्ष) एक हिस्ट्रीशीटर एवं संगठित अपराध में संलिप्त अपराधी के रूप में चिन्हित है। आरोपी का आपराधिक इतिहास वर्ष-2011 से लगातार सामने आता रहा है।
आरोपी नरेंद्र की गांव अलीपुर निवासी अशोक राठी के साथ लंबे समय से अपराधिक रंजिश, गैंगवार, पैसों के लेन-देन एवं वर्चस्व को लेकर गंभीर विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते 16 नवंबर 2019 को गांव अलीपुर में अशोक राठी की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसका केस थाना भौंडसी में दर्ज है। यह मामला वर्तमान में अदालत में विचाराधीन है।
आरोपी नरेन्द्र उर्फ सोनू राठी ने अशोक राठी की हत्या के बाद अपने साथियों सलीम, रोहित उर्फ बॉबी आदि के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गिरोह का संचालन किया। आरोपी पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, रंगदारी/फिरौती, अपहरण एवं अपहरण का प्रयास, हत्या व हत्या का प्रयास, पुलिस पार्टी पर हमला, अवैध कब्जा एवं फायरिंग जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ कुल 19 केस विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज हैं।


