Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हरियाणा के हिसार जिले से सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार गंगा स्नान करने जा रहे छह दोस्तों की कार में आग लगने से मौत हो गई। हादसा पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी के पास हुआ। युवकों की हुंडई ऑरा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डिवाइडर से भी टकरा गई और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कार सवार छहों युवक अंदर ही फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सभी छह युवकों की जान चली गई।
सभी मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान साहिल (20), अमन (21), अजय (21), अंकित (21), एक अन्य अंकित (21) और राहुल (23) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इनमें चार युवक हिसार जिले के राखीगढ़ी गांव और दो युवक मोठ गढ़ी गांव के रहने वाले थे। मृतकों में राहुल और अंकित सगे भाई भी शामिल थे। सभी युवक आपस में दोस्त थे और दिवाली का त्योहार मनाने के बाद हरिद्वार में गंगा स्नान करने के लिए निकले थे। अमन, अजय और अंकित पढ़ाई कर रहे थे, जबकि बाकी युवक स्वरोजगार से जुड़े थे। युवकों की अचानक हुई मौत से दोनों गांवों में शोक की लहर है।
परिवार को बताए बिना निकले थे
बताया जा रहा है कि सभी छह युवक दिवाली का त्योहार मनाने के बाद रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि के आसपास हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने अपनी यात्रा के बारे में परिवार के सदस्यों को जानकारी नहीं दी थी। हादसे की खबर मिलने के बाद परिजन मुजफ्फरनगर पहुंचे। मृतक साहिल के पिता सोम कुमार के मुताबिक हादसे के समय उनका बेटा कार चला रहा था। दुर्घटना में इस्तेमाल हुई हुंडई ऑरा कार प्रवीण की बताई जा रही है, जिसे साहिल ने हादसे से करीब दो दिन पहले लिया था। ग्रामीणों के अनुसार सभी दोस्त धार्मिक यात्रा के उद्देश्य से घर से निकले थे।
टकराने के बाद कार में लगी आग
पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और बिजली के खंभे से टकरा गई। इसके बाद वाहन डिवाइडर से टकराते हुए पलट गया। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई और कुछ ही समय में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह जल चुकी थी और उसमें सवार युवकों के शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था। पुलिस ने सभी शवों को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने छहों युवकों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


