- गर्मी का असर पशुओं पर भी, दूध हो रहा कम
- अधिकतम तापमान पहुंचा 41 पर, दो डिग्री लुढका तापमान, राहत नही
Heatwave Alert(आज समाज नेटवर्क) जींद। मौसम का मिजाज लगातार गर्म रहने से आमजन परेशान हो गया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि मौसम में आद्रता 19 प्रतिशत तथा हवा की गति 16 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नही हैं। चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि गर्मी को देखते हुए ज्यादा से ज्यादा पेय पदार्थों का प्रयोग करें। स्वच्छता का ध्यान रखें और शरीर को ढांप कर रखें।
गर्मी में बाहर निकलने से परेहज करें। वहीं गर्मी का असर पशुओं पर भी दिख रहा है और दूध कम हो रहा है। वहीं दोपहर को गलियों व सड़कोंपर वीरानगी छा गई है वहीं बाजार भी सुनसान नजर आ रहे हैं। हालांकि शुक्रवार को राहत यह रही कि अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट रही। इसके अलावा दिन और रात को लगाए जा रहे अघोषित कटों ने भी परेशानी में डाला हुआ है।
भीष्ण गर्मी के चलते पंखे तथा कूलर लोगों का सहारा बने हुए है
पिछले चार दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। तापमान 44 डिग्री तक जा पहुंचा है। जिसका जनजीवन पर साफ असर देखने को मिला। गर्मी से काम धंधे प्रभावित हो रहे हैं, दिन चढऩे के साथ मौसम गर्माने लगता है, दोपहर तक हालात यहां तक हो जाते हैं कि सड़के तथा गलियां सुनसान नजर आने लगती हैं। बाजार में ग्राहक दिखाई नहीं दे रहे हैं। भीष्ण गर्मी के चलते पंखे तथा कूलर लोगों का सहारा बने हुए हैं। शुक्रवार को को दिन का आगाज तेज धूप के साथ हुआ। दिन चढऩे के साथ-साथ तापमान में भी बढ़ोत्तरी होनी शुरु हो गई।
हवा भी गर्म होने के साथ-साथ उसकी गति भी तेज हो गई। 16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बही गर्म हवा ने आमजन को बेहाल कर दिया। मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नही है। तापमान में बढ़ोत्तरी के आसार हैं। हालांकि बीच -बीच में आंशिक बादलवाई भी देखने को मिलेगी। नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने कहा कि तापमान ज्यादा जा रहा है, ऐसे हालात में कोई भी गर्मी की चपेट आ सकता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि तेज धूप में निकलने से परेहज करें। ज्यादा से ज्यादा पेय पदार्थ लें और स्वच्छता का ध्यान रखें। घर से निकले तो अपने शरीर को कपड़े से ढांप कर रखें।
भीषण गर्मी से पशुओं को बचाएं : डा. आर्य
गर्मी अपने उफान पर है और दैनिक तापमान 44 डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसी स्थिति में जहां अपना ख्याल रखना अति आवश्यक है उतना ही पशुओं का भी ख्याल रखना आवश्यक है। गर्मी में दुधारू पशुओं का दूध कम होने लगा है। हालांकि इस मौसम में पशुओं की बेहतर देखभाल कर दूध की कमी को काफी हद तक पूरा किया जा सकता है। क्योंकि गर्मी पशुओं को परेशान करती है। उपमंडल अधिकारी पशुपालन एवं डेयरी विभाग सफीदों डा. सुरेंद्र आर्य के अनुसार पशुओं की देखभाल यूं तो हर मौसम में ही बहुत विशेष होती है लेकिन गर्मी में दूध के उत्पादन पर बहुत अधिक असर पड़ता है। ऐसे में पशुपालकों को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि पशुओं को गर्मी से बचाया जा सके।
छाया होने के साथ-साथ गर्म हवाओं से बचाव का प्रंबंध भी किसान और पशु पालकों को करना चाहिए
इसके लिए छोटे-छोटे बदलाव ही काफी होते हैं। डा. सुरेंद्र आर्य ने बताया कि इंसानों की तरह ही पशुओं को भी हीट स्ट्रेस होता है। इसके अलावा दूध घटाने का मुख्य कारण है डिहाइड्रेशन।इंसान को जब भी प्यास लगती है वह पानी पी लेता है लेकिन पशु तभी पानी पीता है, जब उसको दिया जाता है। साथ ही पशुओं को पानी पिलाने की व्यवस्था भी ऐसी होती है कि उसमें पानी बहुत अधिक गर्म हो जाता है। इसलिए पशुओं के लिए पानी की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। इसका सीधा असर दूध उत्पादन पर पड़ता है। गर्मी के मौसम में पशुओं का बाड़ा भी ऐसा होना चाहिए ताकि वहां सीधी लू नहीं जाएं। छाया होने के साथ-साथ गर्म हवाओं से बचाव का प्रंबंध भी किसान और पशु पालकों को करना चाहिए।


