Gurugram Crime News: हरियाणा के गुरुग्राम में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। सेक्टर-29 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चक्करपुर इलाके में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ उसके ही सौतेले पिता ने अश्लील हरकत की। विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे गुरुग्राम पुलिस की विशेष टीम ने पश्चिम बंगाल के मालदा से तीन दिन की कड़ी मशक्कत के बाद दबोच लिया है।
घर पर अकेली थी बेटी, काम पर गई थी मां
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 38 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का रहने वाला है। पीड़िता की मां काम पर बाहर गई हुई थी और घर पर 17 वर्षीय बेटी अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर सौतेले पिता ने घर के अंदर नाबालिग के साथ अश्लील और शर्मनाक हरकतें कीं। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया, तो आरोपी डरकर मौके से फरार हो गया।
मां की शिकायत पर POCSO का केस दर्ज
घटना के बाद सहमी हुई पीड़िता ने कुछ समय तक डर की वजह से बात छिपाई, लेकिन बाद में अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। अपनी बेटी के साथ हुई इस घिनौनी हरकत का पता चलते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद मां तुरंत चक्करपुर पुलिस चौकी पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता और पीड़िता के नाबालिग होने को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। थाना सेक्टर-29 में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत गंभीर मामला दर्ज किया गया।
ट्रेन से भागकर मालदा पहुंचा था आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए तुरंत दिल्ली पहुंचा और वहां से ट्रेन पकड़कर अपने गृह राज्य पश्चिम बंगाल के मालदा भाग गया। चक्करपुर पुलिस चौकी की एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी का लगातार पीछा किया। आखिरकार पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 सितंबर को पश्चिम बंगाल के मालदा से आरोपी को दबोच लिया। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर गुरुग्राम लेकर आ रही है, जहां उसे अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


