
Gurugram Road Rage Case: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने वाले आरोपी कल्याण बैंसला को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी ने अपना फोन बंद कर दिया था और मीडिया को बयान देने के बाद फरार हो गया। गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस हिरासत से भागने की भी कोशिश की। आरोपी ने पेशाब करने की बात कहकर भागने की कोशिश की, लेकिन भागते समय गिर गया और उसे मामूली चोटें आईं। पुलिस ने उसे दोबारा पकड़ लिया गया और अस्पताल में इलाज कराया। इसके बाद उसे गुरुग्राम लाया गया।
तीन टीमों ने पीछा कर राजस्थान से पकड़ा
गुरुग्राम के डीसीपी ईस्ट संदीप कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत सामने आने के बाद आरोपी ने अपना फोन बंद कर दिया और शहर से बाहर निकल गया। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए तीन टीमें गठित कीं। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के दौसा से पकड़ा। उसके साथ मौजूद उसके चचेरे भाई लवनीश को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कल्याण पलवल जिले के चांदहट का रहने वाला है और वहां जिम चलाने के साथ रियल एस्टेट का काम करता है। आरोपी जिस सफेद मारुति सुजुकी सियाज को चला रहा था, वह उसके नाम पर रजिस्टर्ड नहीं थी। उसने यह कार अपने एक परिचित से ली थी। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
महिला बाइक का पीछा करने का भी आरोप
मामला उस समय सामने आया जब महिला बाइक सवार ने घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। बाइक पर लगे कैमरे से रिकॉर्ड फुटेज में कार को महिला की बाइक की दिशा में मुड़ते और उससे टकराते हुए देखा गया। महिला के मुताबिक वह गोल्फ कोर्स रोड पर अन्य बाइक सवारों के साथ जा रही थी, तभी कार सवारों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे रुकने के इशारे किए। जब महिला नहीं रुकी, तो कार चालक ने उसका पीछा किया और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इसके बाद कार चालक ने महिला बाइकर को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई। वीडियो में टक्कर के बाद महिला बाइक से सड़क पर गिरती दिखाई देती है, जबकि उसकी बाइक काफी दूर तक घिसटती हुई जाती है। पुलिस ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया था।
FIR में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई
गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद मामले का स्वत: संज्ञान लिया और सेक्टर-56 थाने में FIR दर्ज की थी। शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 281 के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में CCTV फुटेज के विश्लेषण और महिला के विस्तृत बयान के आधार पर पुलिस ने FIR में धारा 109 यानी हत्या के प्रयास से संबंधित प्रावधान जोड़ा। महिला की औपचारिक शिकायत के बाद भी कई धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज में कार का महिला की बाइक की ओर मुड़ना और टक्कर मारना सामने आया, जिसके आधार पर मामले में गंभीर धाराएं लगाई गईं।
आरोपी का दावा: टक्कर जानबूझकर नहीं मारी
आरोपी कल्याण बैंसला का कहना है कि उसने महिला बाइकर को जानबूझकर टक्कर नहीं मारी थी। उसका कहना है कि बाइक सवारों की ड्राइविंग और रेसिंग के कारण स्थिति बिगड़ी और टक्कर हुई। आरोपी के वकील ने भी घटना को जानबूझकर हमला नहीं, बल्कि लापरवाही का मामला बताया है। इस दावे और महिला के आरोपों के बीच पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध सामग्री के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल आरोपी गिरफ्तार हो चुका है।

