तापमान में आएगी गिरावट, गर्मी से मिलेगी राहत, फसलों के लिए अच्छी है बारिश
Haryana Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते हरियाणा का मौसम सोमवार से ही परिवर्तनशील बना हुआ है। सोमवार बाद दोपहर अचानक खराब हुए मौसम के चलते चार से पांच जिलों में हल्की बारिश व कई जगह हल्की ओलावृष्टि हुई। इसके साथ ही आठ जिलों में तेज आंधी भी आई। वहीं आज मंगलवार को भी अलसुबह 4 जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने सभी 23 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन तक लगातार बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
सोमवार को इन जिलों में आई आंधी
आंधी से हांसी में एक टावर गिर गया, एक मकान की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, नारनौल, रेवाड़ी, सोनीपत और पानीपत में लोगों को धूलभरी आंधी में परेशानी का सामना करना पड़ा। भिवानी के सिवानी में धूल का करीब 100 मीटर ऊंचा बवंडर दिखाई दिया।
जून के शुरूआती 15 दिनों में जमकर बरसे मेघ
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 15 जून के बीच हरियाणा में प्री-मानसून की अच्छी गतिविधियां देखने को मिली हैं। इस दौरान हरियाणा में औसतन 20.3 टट बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि इस अवधि की सामान्य बारिश (17.3 टट) से अधिक है। पश्चिमी विक्षोभ के बार-बार सक्रिय होने से पलवल, रेवाड़ी, फतेहाबाद और कुरुक्षेत्र जैसे जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी बरसा है।
अगले तीन दिन भी रहेगी राहत
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आज से अगले तीन दिन मौसम में लगातार परिवर्तन आता रहेगा। एक तरफ जहां लगभग पूरे प्रदेश में तेज हवाएं चलेंगी वहीं हल्की बारिश का दौर भी जारी रहेगा। इस दौरान कई जगह मध्यम से तेज बारिश व ओलावृष्टि होने का भी अनुमान है। इसके साथ ही प्रदेश में तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। ज्ञात रहे कि प्रदेश में धान रोपाई का कार्य शुरू होने को है। यदि प्रदेश में इस दौरान अच्छी बारिश होती है तो यह किसानों के लिए वरदान के समान साबित होगी।
ये भी पढ़ें : Drone Attack Alert : भारत पर ड्रोन हमले का खतरा, अलर्ट


