Karnal News(आज समाज नेटवर्क)करनाल। करनाल के मुगल माजरा गांव में 50 रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला हेयर सैलून पर कटवाए गए बालों के बकाया पैसों को लेकर शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है और एक युवक के लापता होने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
दीपक और उसके साथियों ने मिलकर राहुल पर हमला कर दिया और उस पर गंडासी से वार किया
पीड़ित महिला बिमला ने बताया कि उनके घर में रहने वाला एक लड़का दूध लेने जा रहा था। रास्ते में दीपक ने उसे रोक लिया और कहा कि राहुल ने उसके पैसे देने हैं। इस पर लड़के ने कहा कि उसे लेनदेन की कोई जानकारी नहीं है और पैसों की बात राहुल से की जाए। आरोप है कि इसी बात को लेकर दीपक ने लड़के को थप्पड़ मार दिया।महिला ने बताया कि लड़के ने घर पहुंचकर पूरी घटना राहुल को बताई। इसके बाद राहुल बाइक पर दीपक के पास पहुंचा और थप्पड़ मारने का कारण पूछा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि दीपक और उसके साथियों ने मिलकर राहुल पर हमला कर दिया और उस पर गंडासी से वार किया। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।
घायल प्रवीण ने बताया कि वह एक्टिवा पर वहां से गुजर रहा था। उसने देखा कि राहुल के साथ मारपीट हो रही है। जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया।परिजनों के अनुसार घटना के बाद से राहुल का कोई पता नहीं चल रहा है। परिवार को आशंका है कि आरोपियों ने उसके साथ कोई अनहोनी कर दी है, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।मामले की शिकायत में दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने राहुल को जल्द तलाशने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


