Haryana News: ट्रेनों में अनधिकृत खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए रेलवे गंभीर कदम उठा रहा है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर ऐसी चीजों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत बीते सप्ताह कुल 51 ट्रेनों की जांच की गई। IRCTC ने चंडीगढ़ रीजन में पिछले सप्ताह जांच के दौरान बिना मंजूरी वाले ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की 3,108 बोतलें जब्त की गईं।
QRT का किया गया गठन
अधिकारियों के मुताबिक, निर्धारित खानपान मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) गठित की गई हैं। ये टीमें रेलवे के वाणिज्यिक विभाग के साथ मिलकर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर जांच कर रही हैं। इस दौरान बिना मंजूरी वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, खाद्य एवं पेय पदार्थों तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने वाली अन्य वस्तुओं की बिक्री और भंडारण की जांच की जा रही है। चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय के अधीन आने वाली खानपान इकाइयों में भी औचक जांच की जा रही है। इन टीमों का नेतृत्व IRCTC चंडीगढ़ के चीफ रिजनल मैनेजर (CRM) और संयुक्त महाप्रबंधक कर रहे हैं।
अंबाला में दो औचक निरीक्षण
सीआरएम चंडीगढ़ के नेतृत्व में 10 अगस्त को क्यूआरटी ने अंबाला में दो औचक जांच कीं। इस दौरान आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क समेत अनधिकृत उत्पादों के 13 कार्टन जब्त किए गए। टीम ने खानपान इकाइयों के लाइसेंस और प्राधिकरण संबंधी शर्तों के साथ स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर की गई जांच में भी अनधिकृत आइसक्रीम, पेय पदार्थ और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त किया गया।
निर्धारित मानकों को पूरा करना मकसद
आईआरसीटीसी के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यात्रियों को केवल अधिकृत और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही खानपान इकाइयों में लाइसेंस, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।


