Chandigarh news: आरटीए पंचकूला व रेड क्रॉस के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया जागरूकता कार्यक्रम*

0
401
Chandigarh news
Chandigarh news: (आज समाज): परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार  जनवरी, 2026 को “सड़क सुरक्षा माह” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए), पंचकूला  द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी, पंचकूला के सहयोग से एक  सड़क सुरक्षा एवं प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रम  का आयोजन  आज हरियाणा रोडवेज कार्यशाला, औद्योगिक क्षेत्र, फेज -1, पंचकूला  में किया गया।

इस कार्यक्रम में  हरियाणा रोडवेज एवं विभिन्न स्कूल बसों के ड्राइवरों एवं कंडक्टरों  ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति संवेदनशील बनाना तथा सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं प्रभावी प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने हेतु प्रशिक्षित करना था, ताकि बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों जैसे  निर्धारित गति सीमा का पालन, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य प्रयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना, नशे की अवस्था में वाहन न चलाना, सुरक्षित ओवरटेकिंग, पैदल यात्रियों की सुरक्षा तथा वाहनों की नियमित तकनीकी जांच  आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
रेड क्रॉस सोसाइटी, पंचकूला की तरफ से श्रीमति निलम कौशिक के प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को  प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण  प्रदान किया गया। इसमें  दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सुरक्षित रूप से संभालना, अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने के उपाय, हड्डी टूटने की स्थिति में प्राथमिक उपचार, सीपीआर (CPR), बेहोशी की अवस्था में आवश्यक सावधानियाँ तथा एंबुलेंस के आने तक पीड़ित को स्थिर रखने की विधियाँ  शामिल रहीं।
इस अवसर पर आरटीए पंचकूला  के अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि वाहन चालक सड़क सुरक्षा व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं व्यवहारिक बताया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।  आरटीए पंचकुला एवं रेड क्रॉस सोसाइटी, पंचकूला  द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर आरटीए पंचकूला  के श्री शम्मी शर्मा, सहायक सचिव, श्री सुभाष, श्री रविन्द्र, टी.आई. व श्री मोहित, टी.एस.आईय उपस्थित रहे।
  • TAGS
  • [post_tags]