मुझे बोला जाओ IPL में खेलो…शशांक सिंह का छलका दर्द, दुखी होकर छोड़ा छत्तीसगढ़ क्रिकेट का साथ

0
26
अनुभवी ऑलराउंडर शशांक सिंह ने 2026-27 घरेलू सीजन से पहले बड़ा फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ का साथ छोड़ दिया है. उन्होंने अब पुडुचेरी की तरफ से बतौर गेस्ट खिलाड़ी खेलने का फैसला लिया है.
शशांक सिंह ने छोड़ा छत्तीसगढ़ का साथ

नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी तूफानी पारियों की वजह से फैंस के दिल में अलग पहचान बनाने वाले शशांक सिंह एक बार फिर से चर्चा में हैं. घरेलू क्रिकेट में छत्तीसगढ़ की तरफ से खेलने वाला यह खिलाड़ी अगले सीजन में किसी और टीम का हिस्सा होगा. अनुभवी ऑलराउंडर शशांक सिंह ने 2026-27 घरेलू सीजन से पहले बड़ा फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ का साथ छोड़ दिया है. उन्होंने अब पुडुचेरी की तरफ से बतौर गेस्ट खिलाड़ी खेलने का फैसला लिया है. शशांक ने सिर्फ छत्तीसगढ़ टीम से अलग होने का फैसला नहीं लिया है बल्कि स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) पर गंभीर आरोप लगाए.

34 साल के ऑलराउंडर शशांक सिंह को छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ की तरफ से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल चुका है. इसके साथ ही उनके पुडुचेरी की टीम के लिए खेलने का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया. शशांक के अलावा मुंबई के विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रसाद पवार को भी इस टीम में बतौर गेस्ट खिलाड़ी शामिल किया गया है.

शशांक का छलका दर्द

छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ की तरफ से खेलने वाले शशांक सिंह का टीम छोड़ने की वजह बताई. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि पिछले घरेलू सीजन के दौरान उनको कंधे में गंभीर चोट लगी थी. उनकी उंगली में भी फ्रैक्चर हो गया था जब शशांक ने इसके लिए संपर्क किया तो क्रिकेट संग ने उनकी मदद करने से मना कर दिया. उनका कहना है कि राज्य क्रिकेट संघ ने उनकी रिकवरी में कोई मदद नहीं की. शशांक ने कहा, “मैं गंभीर चोट से जूझ रहा था, लेकिन छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने मेरे रिहैब के दौरान कोई सहयोग नहीं किया.”

टीम से बाहर रखने पर जताई नाराजगी

शशांक ने एक और बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग 2026 और बेंगलुरु में आयोजित प्री-सीजन कैंप के लिए भी चुनी गई टीम में भी उनको जगह नहीं दी गई थी. जब उन्होंने इसको लेकर जवाब मांगा तो किसी ने कुछ नहीं बताया. यह सवाल शशांक ने कई बार किया लेकिन फिर भी उनको क्रिकेट संघ ने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया. शशांक ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उनको यहां तक कह दिया गया कि वह सिर्फ आईपीएल खेलना चाहते हैं, घरेलू क्रिकेट नहीं. जब अपने ऊपर लगे इस आरोप को शशांक ने गलत बताया तो किसी ने नहीं सुनी.

IPL 2025 में किया था शानदार प्रदर्शन

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में पंजाब किंग्स को फाइलन में पहुंचाने में शशांक सिंह की अहम भूमिका रही थी. उन्होंने पूरे सीजन में नीचले क्रम में आकर स्ट्राइक रेट 153.51 से आक्रामक बल्लेबाजी की. 17 मैच में उन्होंने 350 रन बनाए थे. आईपीएल 2026 में शशांक का बल्ला कुछ खास नहीं चला. 9 पारियों में उन्होंने सिर्फ 132 रन बनाए.