छह बार सीएम रहे वीरभद्र सिंह का निधन, तीन दिन का राजकीय शोक

0
285
Virbhadra Singh
Virbhadra Singh

आज समाज डिजिटल टीम:

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नौ बार विधायक रह चुके वीरभद्र सिंह का 87 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने आठ जुलाई को सुबह तीन बजकर 40 मिनट पर आखिरी सांस ली। वे पांच बार सांसद भी चुने गए। उन्होंने छह बार सीएम के रूप में हिमाचल प्रदेश की बागडोर भी संभाली थी। उनका अंतिम संस्कार 10 जुलाई को रामपुर में होगा। इससे पहले आज गुरुवार को पार्थिव शरीर दिनभर होलीलॉज में दर्शन के लिए रखा जाएगा। नौ जुलाई शुक्रवार को पार्थिव शरीर सुबह नौ बजे से 11:30 बजे के बीच दर्शन के लिए रिज मैदान पर रखेंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर एक बजे तक राजीव भवन कांग्रेस में दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर एक बजे पार्थिव शरीर को लेकर परिवार रामपुर के लिए रवाना होगा। शाम छह बजे पार्थिव शरीर को लेकर परिवार रामपुर पहुंचेगा। 10 जुलाई शनिवार को पदम पैलेस रामपुर में सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक पार्थिव शरीर दर्शन के लिए रखा जाएगा। शाम तीन बजे रामपुर में अंतिम संस्कार होगा। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे वीरभद्र सिंह का आज तड़के निधन हो गया है।

ढाई महीने से अस्पताल में थे

जानकारी के अनुसार वीरभद्र का निधन सुबह 3.40 बजे हुआ। वह करीब ढाई महीने से आईजीएमसी में दाखिल थे। सोमवार को अचानक तबीयत खराब होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर दाखिल कर दिया था। इसके बाद से वह बेहोशी की हालत में यहां पर उपचाराधीन थे, लेकिन गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई। वह 87 साल के थे। आईजीएमसी के एमएस डॉ. जनक राज ने मौत की पुष्टि की। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इन तीन दिनों के दौरान प्रदेश में कोई भी बड़े आयोजन नहीं होंगे।

SHARE