Shahid Major Ashish Dhaunchak : मां भारती के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले मेजर आशीष के बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा : मुख्यमंत्री

0
135
Shahid Major Ashish Dhaunchak
मेजर आशीष धौंचक को श्रद्धांजलि देते विधायक प्रमोद विज
Aaj Samaj (आज समाज),Shahid Major Ashish Dhaunchak, पानीपत : विगत 13 सितंबर को कश्मीर के अनंतनाग में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले मेजर आशीष धौंचक का शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बिंझौल में किया गया। उन्हें चचेरे भाई मेजर विकास ने मुखाग्नि दी। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। मेजर आशीष धौंचक को सेना की टुकड़ी ने सशस्त्र सलामी दी और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मेजर आशीष को श्रद्धांजलि देते हुए अपना शोक संदेश भेजा। मुख्यमंत्री के शोक संदेश को उपायुक्त डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने पढ़ा और मुख्यमंत्री की तरफ से पुष्पचक्र अर्पित कर मेजर को नमन किया।
  • हरियाणा सरकार दुख की इस घड़ी में मेजर आशीष के परिवार के साथ खड़ी

 

 

Shahid Major Ashish Dhaunchak
मेजर आशीष धौंचक को श्रद्धांजलि देते डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया

बहन भाई को सैल्यूट करती रही

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि हरियाणा सरकार दुख की इस घड़ी में मेजर आशीष के परिवार के साथ खड़ी है। संदेश में उन्होंने कहा कि मां भारती के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले मेजर आशीष के बलिदान को हमेशा याद रखा जायेगा। उनके इस सर्वोच्च बलिदान के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। शुक्रवार सुबह सेना वाहन द्वारा उनके पार्थिव शरीर को टीडीआई स्थित उनके घर पर अंतिम दर्शनों के लिए लाया गया। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को बिंझौल ले जाया गया। उनकी अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और जगह जगह उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प वर्षा की गई। स्कूली बच्चों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। अंतिम यात्रा के साथ शहीद मेजर आशीष की बहनें और मां भी बिंझौल आईं। मां पूरे रास्ते हाथ जोड़े रहीं, जबकि बहन भाई को सैल्यूट करती रही।

 

Shahid Major Ashish Dhaunchak
मेजर आशीष धौंचक को सशस्त्र सलामी देते सेना की टुकड़ी

सामाजिक, राजनैतिक और धार्मिक संगठनों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की

सेना की ओर से लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे, पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किए। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता, एसपी अजीत सिंह शेखावत, राज्यसभा सांसद कृष्णलाल पंवार के भाई रोहताश पंवार, अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा, एसडीएम अमनदीप सिंह सहित अन्य गणमान्यों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर सरपंच प्रदीप बाल्मिकी, पूर्व सरपंच रविन्द्र धौंचक, चरण सिंह, जयचन्द, जसवंत नम्बरदार, सुखवीर सिंह, गुलाब सिंह, दरियाव सिंह कश्यप, भाजपा मण्डल अध्यक्ष नरेन्द्र बिंझौल सहित हजारों लोगों और विभिन्न सामाजिक, राजनैतिक और धार्मिक संगठनों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
SHARE