Kajri Teej 2026: कब रखा जाएगा कजरी तीज का व्रत?

0
119
Kajri Teej 2026: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस व्रत को श्रद्धा और विधि-विधान से करने से दांपत्य जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।
Kajri Teej 2026: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस व्रत को श्रद्धा और विधि-विधान से करने से दांपत्य जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।

सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए रखती हैं व्रत
Kajri Teej 2026, (आज समाज), नई दिल्ली: हिंदू धर्म में तीज के व्रत का विशेष महत्व माना जाता है। कजरी तीज भी इन्हीं प्रमुख तीजों में से एक है, जिसे सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए रखती हैं। इस दिन महिलाएं पूरे दिन व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं।

कजरी तीज के मौके पर महिलाएं सोलह श्रृंगार करती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस व्रत को श्रद्धा और विधि-विधान से करने से दांपत्य जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।

30 अगस्त की सुबह से शुरू हो रही तृतीया तिथि

दरअसल, तृतीया तिथि 30 अगस्त की सुबह से शुरू हो रही है और अगले दिन यानी 31 अगस्त की सुबह तक रहेगी। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कजरी तीज का व्रत 30 अगस्त को रखा जाएगा या 31 अगस्त को? अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो आइए जानते हैं कजरी तीज की सही तारीख और पूजा से जुड़े सभी जरूरी मुहूर्त।

31 अगस्त को रखा जाएगा व्रत

पंचांग के मुताबिक, भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि 30 अगस्त को सुबह 09:38 बजे शुरू होगी और 31 अगस्त को सुबह 08:52 बजे समाप्त हो जाएगी। ऐसे में उदया तिथि के आधार पर कजरी तीज का व्रत 31 अगस्त को रखना शुभ होगा।

कजरी तीज 2026 शुभ मुहूर्त

  • तृतीया तिथि शुरू: 30 अगस्त 2026, सुबह 09:38 बजे।
  • तृतीया तिथि समाप्त: 31 अगस्त 2026, सुबह 08:52 बजे।
  • ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 04:29 बजे से 05:14 बजे तक।
  • पूजा मुहूर्त: शाम 06:44 बजे से रात 07:51 बजे तक।

कजरी तीज का व्रत क्यों रखा जाता है?

कजरी तीज का व्रत मुख्य रूप से विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए रखती हैं। इस दिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं। धार्मिक मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी। इसलिए इस व्रत को दांपत्य सुख और पति-पत्नी के रिश्ते की मजबूती से जोड़कर देखा जाता है।

कजरी तीज पर नीमड़ी माता की पूजा

कजरी तीज पर नीमड़ी माता की पूजा का भी विशेष महत्व बताया गया है। इस दिन दीवार या थाली में नीम की टहनी गाड़कर उसकी विधि-विधान से पूजा की जाती है। महिलाएं नीमड़ी माता को रोली, अक्षत, फूल और अन्य पूजा सामग्री अर्पित करती हैं और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।

चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद खुलेगा व्रत

कजरी तीज का व्रत रात में चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद पूरा किया जाता है। महिलाएं पूजा के बाद चंद्रमा को जल अर्पित करती हैं और पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना करती हैं। इसके बाद ही व्रत का पारण किया जाता है।

सबसे पहले किसने रखा था कजरी तीज का व्रत?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता पार्वती और भगवान शिव का पुनर्मिलन इसी पवित्र तिथि से जुड़ा हुआ है। पौराणिक मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए वर्षों तक अत्यंत कठोर तपस्या की थी। उनकी भक्ति और तपस्या से भगवान शिव बहुत प्रसन्न हुए।

ऐसा माना जाता है कि माता पार्वती ने 107 जन्मों तक तप किया और 108वें जन्म में श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को भगवान शिव ने उन्हें अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। कहते हैं कि तभी से इसी पवित्र मिलन के बाद सुहागिन महिलाओं के बीच पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए तीज व्रत की परंपरा शुरू हुई। ये पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के अटूट प्रेम, समर्पण और पुनर्मिलन का प्रतीक माना जाता है।

  • TAGS
  • [post_tags]