नई दिल्ली. शुक्रवार, 21 नवंबर का दिन बेहद शुभ होने वाला है. हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का पर्व बेहद खास माना जाता है. इस दिन माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है. भक्त पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इसे करते हैं. धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य की प्राप्ति होती है. यही वजह है कि इस दिन घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. माता तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया जाता है और भगवान शालिग्राम के साथ विवाह की सभी रस्में निभाई जाती हैं.
हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह मनाया जाता है. इस बार इसकी तारीख को लेकर लोगों के बीच असमंजस बना हुआ है. ऐसे में आइए जानते हैं कि साल 2026 में तुलसी विवाह किस दिन मनाया जाएगा और पूजा के लिए कौन-सा मुहूर्त सबसे शुभ रहेगा.
कब है तुलसी विवाह 2026?
पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि 21 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर शुरू होगी. इस तिथि का समापन 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर होगा. उदयातिथि और पंचांग की गणना के अनुसार, इस साल तुलसी विवाह का पर्व 21 नवंबर 2026, शनिवार को मनाया जाएगा. 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी का व्रत रखा जाएगा. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं. इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और शुभ एवं मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है.
तुलसी विवाह 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त
तुलसी विवाह के लिए गोधूलि बेला को सबसे उत्तम समय माना जाता है. इस दौरान माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराना शुभ माना जाता है. साल 2026 में तुलसी विवाह के लिए शुभ मुहूर्त इस प्रकार रहेगा:
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:25 बजे से 5:52 बजे तक
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:01 बजे से 5:55 बजे तक
अभिजित मुहूर्त: सुबह 11:46 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक
इस दिन श्रद्धालु शुभ मुहूर्त में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम की पूजा करके विवाह की रस्में पूरी कर सकते हैं.
तुलसी विवाह का क्या है धार्मिक महत्व?
हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है. मान्यता है कि देवउठनी एकादशी के अगले दिन यानी द्वादशी तिथि पर माता तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ कराया जाता है. भगवान शालिग्राम को भगवान विष्णु का स्वरूप माना जाता है.


