Nirjala Ekadashi: कल रखा जाएगा निर्जला एकादशी का व्रत

0
168
Nirjala Ekadashi: कल रखा जाएगा निर्जला एकादशी का व्रत
Nirjala Ekadashi: कल रखा जाएगा निर्जला एकादशी का व्रत

सभी चौबीस एकादशियों में सबसे श्रेष्ठ मानी गई है निर्जला एकादशी
Nirjala Ekadashi, (आज समाज), नई दिल्ली: इस साल निर्जला एकादशी का व्रत 25 जून को रखा जाएगा। इस व्रत को सभी चौबीस एकादशियों में सबसे श्रेष्ठ माना जाता है। शास्त्रों में कहा गया है कि जो श्रद्धालु सालभर एकादशी का व्रत नहीं कर सकता है और वो अगर इस व्रत को धारण करता है तो उसे भगवान विष्णु पूरा फल देते हैं।

वहीं, अगर अनजाने में निर्जला एकादशी का व्रत टूट जाए तो श्रद्धालुओं के मन में एक सवाल उठता है कि कहीं बड़ी परेशानी तो नहीं खड़ी हो जाएगी। आइए जानते हैं कि अगर व्रत टूटता है तो उसके क्या उपाय हैं?

आज शाम 06 बजकर 12 मिनट से शुरू होगी एकादशी तिथि

द्रिक पंचांग के मुताबिक, इस बार एकादशी तिथि 24 जून की शाम 06 बजकर 12 मिनट से शुरू हो रही है और जून 25 जून को शाम 8 बजकर 9 मिनट तक रहेगी इसलिए 25 जून की सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना बेहद उचित रहेगा। ये निर्जला एकादशी का व्रत किसी भी प्रकार के भोजन और पानी के बिना किया जाता है।

निर्जला एकादशी का व्रत टूटने पर क्या करें?

शास्त्रों के साथ-साथ साधु संत बताते आए हैं कि भगवान हमेशा भाव के भूखे हैं। यदि किसी व्रती ने अनजाने में एकादशी के व्रत के समय पानी पी लिया या फिर कुछ खा लिया तो इसे जानबूझकर की गई गलती के समान नहीं माना जाता है। अगर व्रत टूट जाता है तो सबसे पहले भगवान विष्णु से क्षमा मांगनी चाहिए।

निर्जला एकादशी की पौराणिक कथा

द्रिक पंचांग के मुताबिक, इसे पांडव एकादशी और भीमसेनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। पांडवों में दूसरा भाई भीमसेन खाने-पीने का अत्यधिक शौकीन था और अपनी भूख को नियंत्रित करने में सक्षम नहीं था इसी कारण वह एकादशी व्रत को नहीं कर पाता था। भीम के अलावा बाकि पांडव भाई और द्रौपदी साल की सभी एकादशी व्रतों को पूरी श्रद्धा भक्ति से किया करते थे। भीमसेन अपनी इस लाचारी और कमजोरी को लेकर परेशान था। भीमसेन को लगता था कि वह एकादशी व्रत न करके भगवान विष्णु का अनादर कर रहा है।

इस दुविधा से उभरने के लिए भीमसेन महर्षि व्यास के पास गया तब महर्षि व्यास ने भीमसेन को साल में एक बार निर्जला एकादशी व्रत को करने कि सलाह दी और कहा कि निर्जला एकादशी साल की चौबीस एकादशियों के तुल्य है। इसी पौराणिक कथा के बाद निर्जला एकादशी भीमसेनी एकादशी और पांडव एकादशी के नाम से प्रसिद्ध हो गई।

पानी पीना क्यों माना जाता है वर्जित?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, निर्जला एकादशी में शरीर और मन दोनों का संयम सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन व्रती सूर्योदय से लेकर अगले दिन द्वादशी तिथि तक जल का भी त्याग करता है। यह त्याग आत्मसंयम, तपस्या और भगवान विष्णु के प्रति पूर्ण समर्पण का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि अन्न और जल दोनों का त्याग कर किए गए इस व्रत से व्यक्ति अपने मन और इंद्रियों पर नियंत्रण करना सीखता है। इसी कारण निर्जला एकादशी को सबसे कठिन व्रतों में शामिल किया जाता है।

प्रायश्चित के रूप में करें दान

धार्मिक परंपराओं में गलती के प्रायश्चित के लिए दान का विशेष महत्व बताया गया है। यदि निर्जला व्रत के दौरान पानी पी लिया गया हो, तो इस दिन किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जल से जुड़ी चीजों का दान करना शुभ माना जाता है। आप पानी से भरा घड़ा, तरबूज, पंखा, छाता या पीले कपड़े का दान कर सकते हैं। गर्मी के मौसम में जलदान को विशेष पुण्यदायक माना गया है।

व्रत को बीच में न छोड़ें

कई लोग पानी पी लेने के बाद यह सोचकर व्रत छोड़ देते हैं कि अब इसका कोई लाभ नहीं मिलेगा। लेकिन धार्मिक दृष्टि से ऐसा करना उचित नहीं माना जाता। यदि पानी पी लिया है, तब भी भगवान विष्णु का स्मरण करें और व्रत के नियमों का पालन जारी रखें तो व्रत का फल मिलता है।

25 जून को बन रहे हैं ये 4 शुभ संयोग

रवि योग: रवि योग को शुभ कामों और बाधाओं को दूर करने वाला योग माना जाता है। यह योग सुबह 5 बजकर 25 मिनट से शाम 4 बजकर 29 मिनट तक रहेगा। इस दौरान भगवान विष्णु की पूजा, जप और दान करना विशेष फलदायी माना जाता है।

  • शिव योग: निर्जला एकादशी के दिन सुबह 10 बजकर 22 मिनट से शिव योग का निर्माण होगा। ज्योतिष शास्त्र में इस योग को सौभाग्य, सफलता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना गया है। मान्यता है कि इस योग में किए गए धार्मिक कामों का फल कई गुना बढ़ जाता है।
  • सिद्ध योग: सुबह 10 बजकर 53 मिनट से सिद्ध योग भी प्रारंभ हो जाएगा, जो पूरे दिन प्रभावी रहेगा। सिद्ध योग को सभी प्रकार के शुभ कार्यों के लिए अत्यंत उत्तम माना जाता है। इस योग में पूजा-पाठ, मंत्र जाप और दान-पुण्य करने से विशेष लाभ प्राप्त होने की मान्यता है।
  • गुरुवार का दुर्लभ संयोग: इस बार का चौथा और सबसे महत्वपूर्ण संयोग यह है कि निर्जला एकादशी गुरुवार को पड़ रही है। गुरुवार भगवान विष्णु और देवगुरु बृहस्पति का दिन माना जाता है। चूंकि एकादशी व्रत भी भगवान विष्णु को समर्पित होता है, इसलिए यह संयोग श्रद्धालुओं के लिए विशेष शुभ माना जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन व्रत और पूजा करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
  • TAGS
  • [post_tags]