Radha Ashtami 2026 Significance: हिंदू धर्म में राधा अष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय राधा रानी के प्राकट्य दिवस के रूप में मनाया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को राधा रानी का धरती पर प्राकट्य हुआ था. भक्त इस दिन व्रत रखकर विधि-विधान से राधा-कृष्ण की पूजा करते हैं. राधा रानी को प्रेम, भक्ति और निस्वार्थ समर्पण का प्रतीक माना जाता है.
राधा अष्टमी 2026 कब है?
साल 2026 में राधा अष्टमी का व्रत शनिवार, 19 सितंबर को रखा जाएगा. पंचांग के अनुसार, अष्टमी तिथि 18 सितंबर को दोपहर 1 बजे आरंभ होगी और 19 सितंबर को दोपहर 3:26 बजे समाप्त होगी. राधा रानी की पूजा मध्याह्न काल में करने की परंपरा है. इस दिन पूजा का शुभ समय सुबह 11:01 बजे से दोपहर 1:28 बजे तक रहेगा.
राधा रानी के प्राकट्य की मान्यता
धार्मिक मान्यता है कि राधा रानी का प्राकट्य मध्याह्न के समय महाराज वृषभानु की यज्ञ भूमि में हुआ था. इसी कारण राधा अष्टमी को उनके जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है. ब्रज, बरसाना और वृंदावन में इस पर्व की विशेष धूम रहती है.
जन्माष्टमी से क्या है संबंध?
राधा अष्टमी का संबंध श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से भी जोड़ा जाता है. मान्यता है कि राधा रानी की आराधना के बिना भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति पूर्ण नहीं होती. इसलिए जन्माष्टमी के व्रत और साधना का पूर्ण फल राधा अष्टमी पर राधा रानी की पूजा के बाद ही प्राप्त होने की धार्मिक मान्यता है.
राधा अष्टमी पर कैसे करें पूजा?
सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र पहनें और व्रत का संकल्प लें. पूजा स्थल पर लाल या पीला कपड़ा बिछाकर राधा-कृष्ण की प्रतिमा स्थापित करें. दोनों को पंचामृत से स्नान कराने के बाद फल, फूल, रोली, चंदन और श्रृंगार सामग्री अर्पित करें. इसके बाद राधा रानी का ध्यान करते हुए पूजा करें और खीर व मिठाइयों का भोग लगाएं. श्रद्धापूर्वक पूजा करने से राधा रानी का आशीर्वाद और श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त होने की मान्यता है.


