नई दिल्ली. हिंदू धर्म में दशहरा यानी विजयादशमी का पर्व का अपना एक बेहद धार्मिक महत्व है. इसे बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक मनाया जाता है. दशहरा को हर साल अश्विन महीने के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को लोग बड़े धूम धाम से मनाते हैं. इस दिन भगवान श्रीराम की रावण पर विजय की याद में रावण दहन किया जाता है. कई जगहों पर शस्त्र पूजा और विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी होते हैं.
बात इस साल दशमी तिथि को लेकर करें तो दो दिनों तक रहने के कारण लोगों के मन में सवाल है. कन्फ्यूजन इसे लेकर है कि दशहरा 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा या 21 अक्टूबर को. आइए जानते हैं दशहरा की सही तारीख क्या है. रावण दहन का समय, पूजा विधि और इस पर्व का धार्मिक महत्व.

दशहरा 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के मुताबिक अश्विन शुक्ल दशमी तिथि 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर शुरू होगी. इसका समापन 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजकर 11 मिनट पर होगा. इस साल विजयादशमी का पर्व मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को मनाया जाएगा. अलग-अलग क्षेत्रों में स्थानीय पंचांग और धार्मिक परंपराओं के आधार पर पूजा के समय में अंतर हो सकता है.
दशहरा 2026 पर रावण दहन का शुभ मुहूर्त
विजयादशमी के दिन रावण दहन के लिए प्रदोष काल को महत्वपूर्ण माना जाता है. उपलब्ध मुहूर्त के अनुसार, पूजा और रावण दहन का समय नीचे लिखा है
विजय मुहूर्त: दोपहर 1:59 बजे से 2:45 बजे तक
अपराह्न पूजा का समय: दोपहर 1:14 बजे से शाम 3:30 बजे तक
प्रदोष काल की शुरुआत: शाम 5:47 बजे
प्रदोष काल को ध्यान में रखते हुए शाम 5:47 बजे के बाद रावण दहन किया जा सकता है. रावण दहन का वास्तविक समय स्थानीय आयोजन और सूर्यास्त के अनुसार अलग हो सकता है.

दशहरे पर कैसे करें पूजा?
सुबह स्नान करके साफ सुधरे कपड़े पहनकर भगवान श्रीराम, माता सीता तथा हनुमान जी की पूजा करें. इसके बाद धूप-दीप जलाकर भगवान के नाम का जाप करें. पौराणिक परंपराओं में दशहरे पर गाय के गोबर से दस गोले बनाए जाते हैं. उन पर जौ के बीज लगाए जाते हैं. पूजा के बाद इन गोलों को जलाने की परंपरा भी है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, ये गोले अहंकार, लोभ और लालच जैसी बुराइयों के प्रतीक होते हैं. इन्हें जलाने का भाव अपने भीतर मौजूद नकारात्मक प्रवृत्तियों को दूर करने और सद्गुण अपनाने से जुड़ा है. इस दिन कई स्थानों पर शस्त्र पूजा भी की जाती है. लोग अपने कामकाज, औजारों और वाहनों की पूजा करके सुख-समृद्धि की कामना करते हैं.
दशहरा क्यों मनाया जाता है?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम ने दुराचारी रावण का वध कर माता सीता को उसके चंगुल से छुड़ाया था. विजयादशमी के दिन रावण ही का वध किया था. यह पर्व अन्याय और अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश देता है. दशहरे का संबंध मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय से भी जोड़ा जाता है. इस कारण विजयादशमी को शक्ति, साहस और धर्म की स्थापना का प्रतीक माना जाता है.


