Relaxation in restrictions in the valley, educational institutions will open from Monday: घाटी में प्रतिबंधों मे ढील, सोमवार से खुलेंगे शिक्षण संस्थान

0
209

नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटाए जाने के प्रावधान के बाद से ही सुरक्षा के मद्देनजर घाटी को बंद कर दिया गया था। यहां कफ्यू लगाया गया और धारा 144 लागू की गई थी। अब धीरे-धीरे वहां प्रतिबंधों में छूट दी जा रही है। घाटी में सोमवार से स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थान खुलेंगे। यह जानकारी न्यूज एजेंसी ने सरकारी सूत्रों के हवाले से दी है। वहीं कश्मीर के ताजा हालातों की बात करें तो घाटी शुक्रवार को लगातार 12वें दिन बंद रही। आम लोगों के आने जाने पर प्रतिबंध कम किए गए है। बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने श्रीनगर में लोगों की आवाजाही पर पाबंदियों में ढील दे दी। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां कहा, ‘घाटी के ज्यादातर हिस्सों में लोगों की आवाजाही पर पाबंदियों में ढील दी गई। अभी तक स्थिति शांतिपूर्ण है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों की तैनाती पहले की तरह ही है। लोगों को शहर के आसपास और अन्य शहरों में आवाजाही की अनुमति दी गई है।’

जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यालयों को कामकाज शुरू करने के लिए निर्देश दिया है। इसके साथ ही प्रतिबंधों में ढील देने की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले गुरुवार को राजभवन के एक प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने गुरुवार शाम सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद सरकारी सचिवालय एवं अन्य कार्यालयों में सामान्य कामकाज बहाल किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सरकार जुम्मे की नमाज के दौरान हालात पर नजर रखेगी और इसी के आधार पर आम लोगों के लिए भी प्रतिबंधों में ढील देने पर विचार किया जाएगा।

SHARE