Ram Navami Violence 2023 Update: रामनवमी पर हिंसा के बाद तीन राज्यों में अब भी तनाव, अमित शाह का सासाराम दौरा रद

0
292
Ram Navami Violence 2023 Update
बिहार के नालंदा में रामनवमी पर दो गुटों के बीच हुई झड़प में वाहन जलाए गए। झड़प में कई लोग घायल।

आज समाज डिजिटल, Ram Navami Violence 2023 Update: रामनवमी के मौके पर गुरुवार को देश के कुछ राज्यों में हिंसा हुई थी और इस मौके पर हुई आगजनी और उपद्रव की घटनाओं का अब तक कुछ जगहों पर असर है। बिहार के सासाराम में हिंसा के बाद स्थिति तवानपूर्ण है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए वहां धारा 144 लागू की गई है। इलाके में चिंताजनक स्थिति के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा रद कर दिया गया है। अमित शाह रविवार को सासाराम आने वाले थे।

  • बिहार के सासाराम में पाबंदियां लागू, सुरक्षा कड़ी 
  • महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 10 गिरफ्तार
  • बिहार के नालंदा से 27, सासाराम से 18 गिरफ्तार

अब तक करीब 80 आरोपी गिरफ्तार

बिहार के अलावा महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और गुजरात में हिंसा हुई थी और विभिन्न राज्यों में इसमें संलिप्त लगभग 80 आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। बंगाल व महाराष्ट्र में हालांकि अब हिंसा थम गई है, लेकिन तनाव  बरकरार है। इन राज्यों के हिंसाग्रस्त इलाकों में पुलिस तैनात है। सासाराम में फिलहाल इंटरनेट बंद कर दिया गया है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में बुधवार रात दंगे हुए थे और इसमें अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बंगाल के भी कई जिलों में धारा 144 लागू

बंगाल के भी कई जिलों में धारा 144 लागू है। राज्य के हावड़ा में सीआईडी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लेकिन मामले की छानबीन एनआईए से करवाने की मांग की जा रही है। बिहार के नालंदा से 27, जबकि सासाराम से 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। गृहमंत्री अमित शाह ने बंगाल के राज्यपाल से घटना की जानकारी ली है।

शुभेंदु अधिकारी और ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने की जांच की मांग

राज्य के हावड़ा और उत्तरी दिनाजपुर जिले में गुरुवार को शोभायात्रा के दौरान हिंसक झड़प हुई थी। 24 घंटे के भीतर शुक्रवार को एक बार फिर शिबपुर में पत्थरबाजी की घटना सामने आई। यहां एक वर्ग ने मंदिरों में तोड़फोड़ की। इसके बाद पूरे इलाके में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने कोर्ट से मामले की एनआईए जांच कराने की मांग की थी। फिलहाल शिबपुर में स्थिति नियंत्रण में है। यहां लोग अपने कामकाज पर लौट आए हैं।

यह भी पढ़ें : Coronavirus Update April 1 2023: देश में आज कोविड के 101 मामले कम, 9 मौतें

SHARE