Rajya Sabha MP from Congress, Sanjay Singh, resigns, will be included in BJP: राज्यसभा सांसद कांग्रेस के संजय सिंह ने दिया इस्तीफा, भाजपा में होंगे शामिल

0
414

नई दिल्ली। कांग्रेस को लोकसभा चुनावों और उसके बाद भी कई झटके लगे हैं। कांग्रेस के कई बड़े नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इसी के साथ ही कांग्रेस पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया। राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। अमेठी पर मजबूत पकड़ रखने वाले संजय सिंह इससे पहले भी कांग्रेस का साथ छोड़ चुके हैं। तब उन्होंने पहले जनता दल का और फिर बाद में भाजपा का दामन थामा था। 2019 के लोकसभा चुनाव में सिंह ने भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। दूसरी बार पार्टी से इस्तीफा देते हुए सिंह ने कहा कि बहुत सोच-विचार के बाद फैसला लिया है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस अभी भी अतीत में है। वह भविष्य से अनजान है। आज देश पीएम मोदी के साथ है और अगर देश उनके साथ है, तो मैं उनके साथ हूं। मैं कल भाजपा में शामिल होउंगा। मैंने पार्टी से और राज्यसभा की अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस में 15-20 सालों से संवादहीनता की स्थिति बनी हुई है।’

SHARE