Rain And Snowfall Alert: उत्तराखंड और हिमाचल में आज बारिश व बर्फबारी का अनुमान, उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड

0
95
Rain And Snowfall Alert
उत्तराखंड और हिमाचल में आज बारिश व बर्फबारी का अनुमान, उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड

Aaj Samaj (आज समाज), Rain And Snowfall Alert, नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में आज सुबह की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ हुई और फिलहाल सर्दी से राहत के आसार नहीं हैं। मध्यप्रदेश व झारखंड सहित कई जगहों पर आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश और बर्फबारी की उम्मीद जताई है।

सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज

आईएमडी अधिकारियों के मुताबिक आज सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने की उम्मीद है। 13 से 15 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री के करीब रह सकता है। वहीं यूपी की राजधानी लखनऊ में सुबह का तापमान 13.8 डिग्री रहा।

हिमाचल के इन जिलों में बारिश व हिमपात के आसार

मौसम विभाग केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल के अनुसार, हिमाचल की राजधानी शिमला के अलावा सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में आज बारिश और हिमपात होने की आशंका है। इसके बाद 13 दिसंबर यानी अगले कल से 17 दिसंबर तक राज्य में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

पश्चिमी विक्षोभ बहुत अधिक सक्रिय नहीं

सुरेंद्र पॉल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ बहुत अधिक सक्रिय नहीं है, परिणामस्वरूप इसका असर केवल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे पहाड़ों पर हल्का हिमपात होगा, जिस वजह से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में ठंड अपना असर दिखाएगी।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का हाल

मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। एमपी में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है। इसके अलावा, उत्तर की ओर से चल रही हवा की वजह से प्रदेश में ठंड महसूस की जा रही है। आज दिनभर छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश में ठंडी और शुष्क हवाएं चलेगी।

बिहार में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विज्ञानी एसके पटेल ने बताया कि बिहार का औसत अधिकतम तापमान 24-26 और न्यूनतम तापमान 11-15 के बीच रहने की संभावना है। हफ्ते बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पछुआ से तापमान में अंतर आने के साथ ठंड में वृद्धि की संभावना है। इस दौरान अभी दिन में धूप निकलने के साथ मौसम शुष्क बना रहेगा।

झारखंड के लिए चेतावनी, दक्षिण भारत की स्थिति

झारखंड को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी कि रांची में न्यूनतम तापमान अगले पांच दिनों में 8-9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम में तेजी से हुए बदलाव का मुख्य कारण मिचौंग तूफान का ठहराव है। बात करें दक्षिण भारत की तो तमिलनाडु-पुडुचेरी और केरल में आज बारिश की आशंका जताई जा रही है। त्रिशूर, मामल्लापुरम, उडुपी, मदुरई जैसे इलाकों में मध्यम से तेज बारिश होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: 

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE