Priyanka started war in UP with confluence of God, Jawan and farmer: भगवान, जवान और किसान के संगम संग प्रियंका ने शुरू की यूपी की जंग

0
387

उत्तर प्रदेश की राजनैतिक जंग जीतने के लिए कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी भगवान, जवान और किसान के सहारे हैं। आखिरी मोर्चा लगा प्रियंका गांधी जहां पश्चिम यूपी में किसानों के बीच जा रही हैं वहीं वो जवानों के घरों पर दस्तक दे रही हैं। नेहरु परिवार की परंपरा को कायम रखते हुए प्रियंका गांधी मौनी अमावस्या के मौके पर संगम में डुबकी लगाने भी पहुंचीं।
संगम तट पर प्रियंका गांधी ने जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरुपानंद सरस्वती से आशीर्वाद लिया। पश्चिम उत्तर प्रदेश में किसानों की लड़ाई लड़ने के लिए कंधे से कंधा मिला उतर चुकी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इसी गुरुवार को अपने संकल्प को मजबूत करने संगम स्नान के लिए प्रयागराज में थीं। नेहरू गांधी परिवार की पैतृक स्थली आनंद भवन में कुछ वक्त गुजार प्रियंका गांधी ने संगम में मौनी अमावस्या का पवित्र स्नान व सूर्य पूजन के साथ आचमन किया।  इसी हफ्ते प्रियंका गांधी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध पीठ शाकुंभरी देवी के दर्शनों के लिए सहारनपुर भी गयी थीं। वहीं पश्चिम उत्तर प्रदेश से ही उन्होंने सैन्यबलों के जवानों के घर भी जाने की शुरूआत की थी।
इससे पहले प्रियंका गांधी बुधवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश में किसानों के बीच थीं जहां से उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ चल रही लड़ाई को धार देने का काम किया। किसान विरोधी कानूनों के खिलाफ लोगों को लामबंद करने प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता गुरुवार से उत्तर प्रदेश के गांवों में उतर पड़े हैं।
किसान आंदोलन की तपिश के बीच प्रदेश कांग्रेस के इस मेगा अभियान में सभी नए पुराने वरिष्ठ व युवा नेता जुट गए हैं।  अभियान में किसान आंदोलन पर बने वीडियों दिखाने के साथ ही कृषि कानूनों के खिलाफ छापे गए पर्चे बांटे जाएंगे।यूपी कांग्रेस के जय जवान जय किसान नाम के इस कार्यक्रम की शुरूआत पश्चिम उत्तर प्रदेश के 27 जिलों से हो रही है।
अगले दस दिनों में पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी 27 जिलों की हर तहसील में कांग्रेस के बड़े नेता किसानों के बीच होंगे और चौपाल लगाएंगे। कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने इसकी शुरूआत सहारनपुर से किया है। प्रियंका गांधी खुद सहारनपुर के अलावा मुजफ्फरनगर और शामली में किसानों के बीच होंगी और उन्हें कृषि विरोधी कानूनों की असलियत बताते हुए बड़ी लड़ाई के लिए कमर कसेंगी।
यूपी कांग्रेस संगठन के इस बड़े अभियान को पहले चरण में पश्चिम उत्तर प्रदेश के 27 जिलों की सभी 124 तहसीलों में चलाया जा रहा है।  जबकि बाद में इसे पूर्वी व मध्य यूपी में भी शुरू किया जाएगा। कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के साथ ही पूर्व में अध्यक्ष रहे राजबब्बर, सलमान खुर्शीद, निर्मल खत्री, गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल, नवजोत सिंह सिद्धू समेट दर्जनों बड़े नेता जय जवान जय किसान यात्रा का हिस्सा बनें हैं।  अभियान के दौरान कांग्रेस प्रदेश की हर तहसील में जवानों के परिवारों को सम्मानित भी करेगी। कार्यक्रम की तैयारी के तहत फिलहाल पश्चिम यूपी के सभी 27 जिलों की हर तहसील में पांच पांच गांवों को चिन्हित किया गया है जहां सघन अभियान चला किसानों को चौपाल के लिए जुटाया जाएगा। किसानों की चौपाल में न केवल उनके सवालों का जवाब दिया जाएगा बल्कि उन्हें कृषि कानूनों की असलियत से वाकिफ कराते हुए खेती पर कारपोरेट के कब्जे की साजिश के बारे में भी बताया जाएगा।
पूरे कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से बड़े पैमाने पर साहित्य तैयार किया गया जिसे किसानों के बीच बांटा और पढ़कर सुनाया जाएगा। पश्चिम उत्तर प्रदेश की किसान जातियों खासकर जाटों, मुसलमानों सहित गुर्जरों, पिछड़ों, सिखों के बीच इस अभियान के जरिए कांग्रेस अपनी पैठ बढ़ाएगी। अभियान के पहले चरण में तराई के लखीमपुर , शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, हरदोई, फरुर्खाबाद औ? सीतापुर जिलों को भी शामिल किया गया है जबकि ब्रज क्षेत्र के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस और अलीगढ़ को भी जोड़ा जाएगा। पश्चिम उत्तर प्रदेश में सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, संभल, मुरादाबाद, हापुड़, अमरोहा, बिजनौर, बागपत और शामिल में भी किसानों की चौपाल में कांग्रेस नेताओं की जुटान होगी।
अभियान में वीडियो वैन चलाई जाएगी जिसमें किसान आंदोलन पर फिल्म दिखायी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस ने जो अभियान की रुपरेखा तैयार की है उसके मुताबिक प्रियंका गांधी के साथ सलमान खुर्शीद, राजबब्बर, प्रमोद तिवारी, सचिन पायलट, रणदीप सुरजेवाला, हरेंद्र मलिक,  अजय कुमार लल्लू, हार्दिक पटेल, नवजोत सिंह सिद्धू, दीपेंद्र हुड्डा, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, मीम अफजल, बेगम नूर बानों, पीएल पुनिया, प्रदीप माथुर, एमएलसी दीपक सिंह, राशिद अल्वी, इमरान मसूद, वाक्सर विजेंदर सिंह, जाने ने शायर इमरान प्रतापगढ़ी, पंकज मलिक, विश्वेंद्र सिंह, प्रवीण एरन, आचार्य प्रमोद कृष्णन, जफर अली नकवी, अरुण यादव, राकेश सचान, राजी सउक्ला, आरके चौधरी, विनोद चतुवेर्दी, विवेक बंसल, सर्वराज सिंह, आरपीएन सिंह, मो. मुकीम, संजय कपूर, हफीजुर्रहमान, युसुफ अली तुर्क, गजराज सिंह, राजकुमार वेरका और मुहम्मद जावेद जैसे बड़े नेता यूपी के गांवों को मथेंगे।
विधानसभा चुनावों के ठीक पहले शुरू हुए इस अभियान की खासियत किसान जवान और भगवान हैं जिनके बूते प्रियंका गांधी यूपी में कांग्रेस को मुख्य लड़ाई में लाना चाहती हैं।
(लेखक उत्तर प्रदेश प्रेस मान्यता समिति के अघ्यक्ष हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं।)

SHARE