Akhilesh Yadav post on seat sharing in UP: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर मंगलवार को दूसरे दिन की बातचीत हुई। इसके बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है। अखिलेश यादव ने लिखा, ”जीतनेवाली पहली ’26 सीटों’ से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात।”
जीतनेवाली पहली ‘26 सीटों’ से हुई है शुरुआत
मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 24, 2026
अगले दो दौर की बैठक और होगी
दिल्ली में सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच मंगलवार को सीटों के बंटवारे पर चर्चा हुई। बैठक के बाद सपा महासचिव राम गोपाल यादव ने कहा कि सभी सीटों पर अलग-अलग चर्चा हुई है और बातचीत सकारात्मक रही है। उन्होंने कहा कि 403 सीटें बहुत ज्यादा हैं, इसलिए बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है और अगले दो दौर की बैठकों में इसे पूरा कर लिया जाएगा।
पहले 26 सीटें देने की बात कही
इससे पहले, दूसरे दौर की बैठक से पहले रिपोर्टर से बातचीत के दौरान राम गोपाल यादव ने कहा था कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने बताया था कि इनमें 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीती हुई दो सीटें, चार ऐसी सीटें जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी और 20 ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां सपा को 60 से 70 हजार के बीच वोट मिले थे। वहीं, कांग्रेस को करीब 2 हजार वोट मिले थे। हालांकि, मीटिंग के बाद उन्होंने कहा था फिलहाल सीटों पर कोई बात नहीं हुई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने किया था इनकार
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने 26 सीटों के प्रस्ताव की जानकारी होने से इनकार किया था. उन्होंने कहा था कि दोनों दल हर सीट पर अलग-अलग चर्चा करने पर सहमत हुए हैं।
आज हुई दूसरे दौर की बैठक
आज दोनों दलों ने पिछले चुनावों के आंकड़ों और मौजूदा राजनीतिक स्थिति के आधार पर सीट-दर-सीट अपना पक्ष रखा। सोमवार को हुई पहली बैठक में कांग्रेस ने सपा के सामने करीब 130 सीटों की सूची रखी थी, जिन्हें पार्टी अपने लिए प्राथमिकता वाली सीटें मानती है। सपा नेताओं ने इस सूची पर विचार करने और बातचीत आगे बढ़ाने की बात कही थी।


