पुलिस अधिकारी भी लगाएंगे जनता दरबार : अनिल विज

0
307

सभी कार्य दिवसों में जनता की शिकायतों को सुनने व निवारण के लिए सुबह 11.00 से 12.00 बजे तक लगेगा जनता दरबार- अनिल विज
आज समाज डिजिटल, चंडीगढ़:
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने राज्य के विभिन्न संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी कार्य दिवसों में जनता की शिकायतों को सुनने और उनका निवारण करने के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक जनता दरबार आयोजित किए जाएंं। इसके अलावा, उन्होंने सड़कों पर ट्रकों और भारी वाहनों की उनकी लेन में आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु संबंधित उच्च अधिकारियों को भी आदेश जारी किए है।
उन्होंने लिखित आदेश देते हुए प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्त, सभी आईजी रेंज, सभी पुलिस अधीक्षक और सभी पुलिस उपायुक्तों को कहा है कि वे अपने अपने कार्य क्षेत्रों में जनता दरबार आयोजित करेंगे ताकि निर्धारित समय अवधि में लोगों की शिकायतों का निवारण हो सके।
इसी प्रकार, उन्होंने सड़कों पर ट्रकों और भारी वाहनों की उनकी लेन में आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु संबंधित उच्च अधिकारियों को भी लिखित आदेश जारी किए है। इन आदेशों के अनुपालन के लिए सभी पुलिस आयुक्त, सभी आईजी रेंज, आईजी यातायात, सभी पुलिस अधीक्षक और सभी पुलिस उपायुक्तों को दिन-रात पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों को तैनात करने की लिए भी कहा गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उल्लेखनीय है कि गृहमंत्री स्वयं प्रत्येक शनिवार को अंबाला में जनता दरबार लगाते हैं और इस जनता दरबार में प्रदेशभर से आए हुए सभी फरियादियों की शिकायतों को सुनने के बाद वे संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हैं। गौरतलब है कि विज के जनता दरबार में प्रत्येक शनिवार को लगभग एक हजार से अधिक फरियादी आमतौर पर आते हैं और जब वे वापस जाते हैं तो उन्हें एक उम्मीद होती है कि विज से उन्होंने अपनी फरियाद लगाई है तो जरूर इसका निराकरण होगा।

SHARE