PM Modi Ingaurates P20 Summit: एक विभाजित दुनिया नहीं चुनौतियों का समाधान

0
169
PM Modi Ingaurates P20 Summit
दिल्ली के द्वारका में नवनिर्मित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में नौवें पी20 शिखर सम्मेलन का उद्घाटन अवसर पर संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

Aaj Samaj (आज समाज), PM Modi Ingaurates P20 Summit, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली के द्वारका स्थित नवनिर्मित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में नौवें पी20 (पार्लियामेंट्री) शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने आतंकवाद को दुनिया के लिए बड़ी चुनौती बताया और इसके मुकाबले के लिए एकजुटता पर बल दिया।

आतंकवाद मानवता के लिए बड़ा खतरा

मोदी ने कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए बड़ा खतरा है और इससे निपटने के लिए सबको साथ काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, इस समस्या से सख्ती से ही निपटना होगा। पीएम ने यह भी कहा कि एक विभाजित दुनिया हमारे सामने मौजूद चुनौतियों का समाधान नहीं दे सकती। उन्होंने कहा, पी20 शिखर सम्मेलन दुनिया की संसदीय प्रथाओं का ‘महाकुंभ’ है। मोदी ने संसद को बहस और विचार-विमर्श के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान बताया और कहा कि दुनिया की संसदों और उनके प्रतिनिधियों को आतंकवाद जैसी समस्याओं से निपटने पर गंभीरता से विचार करना होगा। उन्हें यह निर्णय लेना होगा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कैसे मिलकर काम किया जाए।

युद्ध से किसी का भला नहीं हो सकता

युद्ध से किसी का भला नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री ने कहा, वर्तमान समय शांति और भाईचारे के साथ एक साथ आगे बढ़ने का है। इसके साथ ही यह समय सबके विकास और कल्याण का है। मोदी ने भारत की संसद पर हुए आतंकी हमले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत कई वर्षों से सीमा पार आतंकवाद का सामना कर रहा है और लगभग 20 साल पहले, आतंकियों ने हमारी संसद को उस समय निशाना बनाया था जब सत्र चल रहा था।

जी20 सदस्यीय देशों के सभापतियों को भी संबोधित किया

अपने संबोधन में मोदी ने जी20 सदस्यीय देशों के सभापतियों को भी संबोधित किया। इसके अलावा उन्होंने पिछले महीने दिल्ली में जी20 के सफल आयोजन, चंद्रमिशन, देश में आजादी के बाद चुनावी प्रक्रिया सहित कई विषयों का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि भारत हाल ही में चंद्रमा पर उतरा। इसके अलवा भारत ने जी20 शिखर सम्मेलन की सफलतापूर्वक मेजबानी की और आज, हम पी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ये शिखर सम्मेलन हमारे देश के लोगों की शक्ति का जश्न मनाने का भी एक माध्यम है। मोदी ने कहा, भारत में आम चुनाव को सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। 2019 का आम चुनाव मानव इतिहास में सबसे बड़ा चुनाव अभ्यास था। इस अभ्यास में 600 मिलियन से अधिक मतदाताओं ने भाग लिया।

जी20 के अनुरूप पी20 सम्मेलन की थीम

पीएमओ के मुताबिक, भारत की जी20 की अध्यक्षता की व्यापक रूपरेखा के तहत संसद द्वारा नौवें पी20 सम्मेलन की मेजबानी की जा रही है। साथ ही जी20 की अध्यक्षता की तरह ही पी20 सम्मेलन की थीम ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के लिए संसद’ है। कार्यक्रम में जी20 सदस्यों और आमंत्रित देशों की संसदों के अध्यक्ष भाग ले रहे हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया। इंडोनेशिया, मैक्सिको, सऊदी अरब, ओमान, स्पेन, यूरोपीय संसद, इटली, दक्षिण अफ्रीका, रूस, तुर्किये, नाइजीरिया, आॅस्ट्रेलिया, ब्राजील, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, जापान, मिस्र, बांग्लादेश के वक्ता और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। कनाडा सूची में शामिल नहीं है।

लोकतंत्र हमारी सबसे अमूल्य विरासत : ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, पी20 सम्मेलन लोकतांत्रिक मुल्यों अंतरराष्ट्रीय संयोग तथा वैश्विक महत्व के विषयों एवं समकालीन चुनौतियों के समाधान से साझा संसदीय प्रयासों के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, लोकतंत्र हमारी सबसे अमूल्य विरासत है। एक तरह से यह हमारी संस्कृति और संस्कार में आत्मसात है। बिरला ने यह भी कहा कि यह अत्यंत गौरव का विषय है कि भारत की अध्यक्षता में जी 20 लीडर समिट में नई दिल्ली डिक्लेरेशन को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। यह पीएम के प्रभावशाली नेतृत्व और वैश्विक दृष्टिकोण को दर्शाता है। ये वैश्विक चुनौतियों पर जी 20 देशों की एकजुटता और प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।

यह भी पढ़ें :

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE